‘तुम दोनों को देख लूंगा…’ धमकी से भड़के जिगरी दोस्त, पहले पीटा फिर घोंट दिया गला; झाड़ियों में फेंका शव

‘तुम दोनों को देख लूंगा…’ धमकी से भड़के जिगरी दोस्त, पहले पीटा फिर घोंट दिया गला; झाड़ियों में फेंका शव

पुलिस जांच में सामने आया कि 5 नवंबर की रात शराब पीने के दौरान बिट्टू सिंह और उसके दोस्तों के बीच कहासुनी हुई थी. नशे में बिट्टू ने दोनों को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी.

झारखंड की राजधानी रांची में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शराब पीने के दौरान मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही तीसरे दोस्त की हत्या कर दी. आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई. हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को सुनसान इलाके में झाड़ियों के पीछे फेंक दिया और फरार हो गए. अब रांची पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक के दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है.

मामला रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को ग्राम सिठियो में डैम साइड स्थित झाड़ियों के पीछे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. बाद में मृतक की पहचान बिट्टू सिंह (31) के रूप में हुई. वह धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित शर्मा मार्केट का रहने वाला था. उसके पिता ओमप्रकाश सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धुर्वा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी ने सिटी एसपी पारस राणा के निर्देशन और हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ ही तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की.

शराब पार्टी में शुरू हुआ विवाद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बिट्टू सिंह की हत्या में उसके ही दो दोस्त संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा शामिल हैं. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की.

पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर की रात बिट्टू सिंह अपने दोनों दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान अत्यधिक नशे में बिट्टू ने दोनों दोस्तों को गालियां देनी शुरू कर दीं. इतना ही नहीं, उसने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी. इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद बढ़ गया.

पहले लकड़ी के बेंत से हमला, फिर घोंट दिया गला

पुलिस के अनुसार, बिट्टू की हरकतों से नाराज होकर संजय और बॉबी ने उस पर लकड़ी के बेंत से हमला कर दिया. हमले में बिट्टू गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया. इसके बाद दोनों आरोपियों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

हत्या के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. वे बिट्टू के शव को धुर्वा थाना क्षेत्र के ग्राम सिठियो स्थित डैम साइड ले गए और सुनसान जगह पर झाड़ियों के पीछे फेंक दिया. इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए.

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक कार, दो मोबाइल फोन और लकड़ी का बेंत बरामद किया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

अशोक कुमार
अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More