Rise & Fall 2: ‘राइज एंड फॉल 2’ में नजर आएंगी प्रियंका चहर चौधरी और स्वारा भास्कर, लिस्ट में ये 2 नाम भी
Rise And Fall 2: राइज एंड फॉल का सीजन 2 जल्द आने वाला है. इस बार शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग होंगे. वहीं, शो का ट्रेलर भी सामने आया है, जिसमें 4 कंटेस्टेंट्स के नाम का खुलासा हो गया है.
Rise & Fall 2: प्राइम वीडियो का रियलिटी शो ‘Rise & Fall’ अपना दूसरा सीजन लेकर आ रहा है. पिछले साल जब ये शो आया था तब काफी चर्चा में रहा था. दर्शकों की तरफ से भी इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. पिछले सीजन को अशनीर ग्रोवर ने होस्ट किया था. लेकिन इस बार पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग शो को होस्ट करने वाले हैं. पर सहवाग की एंट्री के बाद शो को लेकर पहले से ही एक्साइटमेंट थी और अब उन्होंने शो के पहले चार कंटेस्टेंट्स के नाम भी सामने ला दिए हैं.
इससे पहले शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने कंटेस्टेंट्स को लेकर छोटे-छोटे हिंट दिए थे, जिससे दर्शक उनके नाम का अंदाजा लगा सकें. अब सामने आए ट्रेलर में शो के पहले चार कंटेस्टेंट्स से पर्दा उठ गया है. इनमें स्वरा भास्कर, शहजाद पूनावाला, प्रियंका चाहर चौधरी और करण पटेल शामिल हैं. ये शो में शामिल होने वाले कुल 15 कंटेस्टेंट्स में से पहले चार नाम हैं.
ये भी पढ़ें: दाऊद संग वायरल हुई फोटो पर पहली बार बोलीं मंदाकिनी, दुबई बुलाने की बात को लेकर किया बड़ा खुलासा
चार नामों पर लगी मुहर
ट्रेलर में चारों कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे पर अपने खास अंदाज में तंज कसते नजर आ रहे हैं. सभी अपने-अपने तरीके से खेल में आगे बढ़ने की तैयारी करते दिखे, जिससे शो में होने वाले ड्रामे की झलक भी मिलती है. प्रियंका चाहर चौधरी की बात करें तो, वो टीवी एक्ट्रेस हैं और बिग बॉस 16 में भी नजर आई थीं. शो में उनके गेम को सलमान खान ने भी सराहा था.
अब Rise & Fall सीजन 2 का हिस्सा बनने को लेकर प्रियंका ने कहा कि उन्होंने अलग-अलग तरह के रियलिटी शो किए हैं, लेकिन यह शो उनके लिए बिल्कुल अलग अनुभव होने वाला है. उनके मुताबिक, इस गेम में एक कंटेस्टेंट का रूलर से वर्कर बन जाना और अपने फैसलों के दम पर अपनी स्थिति बदलना काफी दिलचस्प है.
View this post on Instagram
स्वरा भास्कर भी होंगी शो का हिस्सा
इसके अलावा स्वरा भास्कर भी शो में नजर आने वाली हैं. इससे पहले वो रियलिटी शो पति पत्नी और पंगा का हिस्सा रह चुकी हैं. Rise & Fall में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि वह हमेशा अपनी राय खुलकर रखने के लिए जानी जाती हैं, इसलिए इस तरह के गेम का हिस्सा बनना उनके लिए एक अलग अनुभव होगा.
करण पटेल और शहजाद पूनावाला भी लिस्ट में
करण पटेल ने भी शो का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि दर्शकों ने उन्हें इतने सालों में अलग-अलग किरदार निभाते और टीवी पर कई कहानियां सुनाते देखा है, लेकिन Rise & Fall सीजन 2 में वह पहली बार खुद के रूप में एक बिल्कुल अलग तरह के गेम में नजर आएंगे. शहजाद पूनावाला ने कहा कि उनके लिए ये शो दिलचस्प होने वाला है.
Rise & Fall सीजन 2 के बारे में
Rise & Fall का गेम पेंटहाउस और बेसमेंट की दो अलग-अलग दुनिया के बीच सेट है. शो में कुल 15 सेलिब्रिटीज को दो ग्रुप में बांटा जाएगा. रूलर्स और वर्कर्स, जहां रूलर्स को पेंटहाउस की सुविधाएं मिलेंगी, वहीं वर्कर्स को बेसमेंट में रहना होगा.शो के पहले सीजन की ट्रॉफी टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी ने जीती थी.




