उज्जैन के बागड़िया टावर में लगी भीषण आग, 5 मंजिला बिल्डिंग में 30 से ज्यादा लोग फंसे; किया गया रेस्क्यू

उज्जैन के बागड़िया टावर में लगी भीषण आग, 5 मंजिला बिल्डिंग में 30 से ज्यादा लोग फंसे; किया गया रेस्क्यू

उज्जैन के बागड़िया टावर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. पांच मंजिला इमारत में 30 से ज्यादा लोग फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.

Ujjain Fire News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार को एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग पुरानी सेंटर कोतवाली के पास स्थित बागड़िया टावर में लगी है. आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. टावर में करीब 40 फ्लैट हैं और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 30 से ज्यादा लोग अंदर फंस गए थे. इनमें से 12 से 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. वहीं कुछ लोग अभी भी इमारत में फंसे हुए हैं. उन्हें निकालने के लिए पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.

5 मंजिला इमारत में धुएं से मचा हड़कंप

बागड़िया टावर में आग लगने के बाद पूरी इमारत में धुआं भर गया. इसके चलते अंदर मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. आग और धुएं के कारण लोग काफी घबरा गए. इमारत की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले कई लोग बाहर नहीं निकल पाए. वहीं कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए छत पर पहुंचकर मदद मांगी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छत पर एक दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे. उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है.

ये भी पढ़ें- बच्चों की पढ़ाई में पड़ रही थी खलल टीवी की आवाज कम कराने गए तो पड़ोसी ने पीटा, शख्स की मौत

खिड़कियां तोड़कर लोगों को निकाल रहे जवान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं. एसपी प्रदीप शर्मा की मौजूदगी में राहत और बचाव का काम चल रहा है. फायर ब्रिगेड की करीब आधा दर्जन गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं. इमारत के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मी सीढ़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं. जरूरत पड़ने पर लोहे की खिड़कियां भी तोड़ी जा रही हैं, ताकि लोगों को बाहर निकाला जा सके. बचाव दल की ओर से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित बाहर लाने की कोशिश की जा रही है.

40 फ्लैट वाले टावर में 30 से ज्यादा लोग फंसे

जानकारी के मुताबिक, बागड़िया टावर में करीब 40 फ्लैट हैं. आग लगने के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे. बताया जा रहा कि 30 से अधिक लोग फंस गए थे. इनमें से अब तक 12 से 18 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है. हालांकि कुछ लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं. ऐसे में बचाव दल के सामने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की बड़ी चुनौती है. इमारत के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी और रेस्क्यू का काम जारी है.

फिलहाल फायर ब्रिगेड कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रही हैं. आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. साथ ही हादसे में हुए नुकसान का भी आकलन नहीं हो पाया है. प्रशासन की पहली प्राथमिकता इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और आग को फैलने से रोकना है.

रवि सेन, उज्जैन
रवि सेन, उज्जैन