‘सब घूमने गए हैं, नेटवर्क डाउन है…’, 7 कत्ल करने वाले कैब ड्राइवर इंदुशेखर ने भेजे थे फर्जी मैसेज
Bengaluru Family Murder Update: बेंगलुरु 7 मर्डर केस में आरोपी इंदुशेखर 16 अक्टूबर से कत्ल कर परिजनों के फोन से ट्रिप पर होने के फर्जी मैसेज भेज रहा था. 17 वर्षीय बेटी भी घटना के बाद से फरार.
Karnataka Mass Murder: बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में एक ही परिवार के 7 लोगों की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, सनकी आरोपी इंदुशेखर की खौफनाक और शातिर साजिश की नई परतें उधड़ रही हैं. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने 16 अक्टूबर से ही इस नरसंहार को अंजाम देना शुरू कर दिया था. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी मृतकों के ही मोबाइल फोन से उनके रिश्तेदारों को “हम सब घूमने गए हैं, नेटवर्क डाउन है” जैसे मैसेज भेजकर लगातार गुमराह कर रहा था.
आरोपी इंदुशेखर ने 16 अक्टूबर को सबसे पहले अपनी पत्नी के साथ शराब पी और फिर जानबूझकर झगड़ा शुरू किया. विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद अपनी बेटी से मिलने घर आई सास का काम तमाम किया और दोनों के शवों को ठिकाने लगा दिया. शातिर आरोपी ने पत्नी और सास का कत्ल करने के बाद खुद श्रीरामपुर पुलिस स्टेशन जाकर उनके लापता होने की झूठी शिकायत दर्ज कराई ताकि उस पर कोई शक न करे.
इसके बाद जब सास और पत्नी को ढूंढते हुए उसके साले और अन्य रिश्तेदार पहुंचे, तो इंदुशेखर ने उनके साथ भी शराब पार्टी की. आरोप है कि उसने उनके खाने/ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश किया और फिर पत्थर तथा भारी मूसल से सिर कुचलकर हत्या कर दी.
‘हम ट्रिप पर हैं…’, मैसेज के जरिए किया गुमराह
कत्ल करने के बाद आरोपी ने सभी मृतकों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए थे. रिश्तेदारों को शक न हो, इसलिए वह उन्हीं के नंबरों से मैसेज भेजता था कि ‘हम सब बाहर घूमने आए हैं और यहां नेटवर्क की दिक्कत है.’ जब परिवार के अन्य सदस्यों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस में सूचना दी गई, तो पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. सीडीआर (CDR) और मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि गायब बताए जा रहे सभी सदस्यों के मोबाइल फोन एक ही जगह पर एक्टिव थे. इसके बाद पुलिस ने इंदुशेखर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने 7 मर्डर्स की बात उगल दी.
पुलिस जांच में एक और बड़ा मोड़ आया है. संदेह जताया जा रहा है कि इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने और साक्ष्य छिपाने में इंदुशेखर की 17 वर्षीय बेटी ने भी अपने पिता की मदद की थी. घटना के बाद से बेटी फिलहाल लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
ये भी पढ़ें: 7 हत्याओं से दहला बेंगलुरु, कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत ससुरालियों को ओखली से कूचकर मार डाला
नंदी हिल्स और चारमाडी घाट में फेंके शव
हत्या के बाद आरोपी शवों को अपनी कार में लादकर चिक्कबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स (नंदीबेटा) और चिक्कमगलुरु जिले के चारमाडी घाट की सुनसान पहाड़ियों में फेंक आया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 7 साल के मासूम बच्चे पुनीत का शव नंदी हिल्स की झाड़ियों से बरामद कर लिया है. बाकी 6 शवों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है. पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने पत्रकारिता की पढ़ाई की थी और कुछ समय तक पत्रकार के रूप में काम भी किया था. इसी आपराधिक चालाकी और कानूनी दांव-पेचों की जानकारी के बल पर उसने पुलिस को गुमराह करने की साजिश रची थी.
राजाजीनगर पुलिस ने आरोपी इंदुशेखर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले रही है. पुलिस की विशेष टीमें चारमाडी घाट और नंदी हिल्स के आसपास बाकी शवों को खोजने और आरोपी की लापता बेटी का सुराग लगाने में जुटी हुई हैं.




