अब उन्नाव में सास-दामाद की जोड़ी फरार, बेटे ने खोली पोल पट्टी, रोते हुए बोला- मेरे पापा को…
Saas Damad Farar: उन्नाव के अजगैन में महिला बीमार पति को छोड़ मृत बेटी के पति (दामाद) संग फरार हुई. जमीन नाती के नाम कर 2 किलो चांदी और सोना समेटकर साथ ले गई.
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपने बीमार पति को घर में लाचार छोड़कर अपनी मृत बेटी के पति (सगे दामाद) के साथ फरार हो गई. हैरत की बात यह है कि महिला घर छोड़ने से पहले 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर गई और कोठरी में जमीन के नीचे गड़े पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर भी खोदकर साथ ले गई. पीड़ित बेटे ने अब पुलिस अधीक्षक (SP) के पास पहुंचकर मां की करतूत की जानकारी दी और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.
पीड़ित बेटे ने SP को सौंपे शिकायती पत्र में बताया- करीब 15 साल पहले मेरी बहन राजकुमारी की हत्या उसके ही पति (जीजा) ने कर दी थी. हालांकि, उस समय बहन के छोटे-छोटे बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परिवार और मां ने कोई पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कराया था. बहन की मौत के बाद से ही मेरी मां और मेरे जीजा के बीच बातचीत और नजदीकियां अचानक बढ़ने लगीं. रोते हुए बेटे ने कहा- मेरे पापा गंभीर रूप से बीमार हैं. बावजूद इसके मेरी मां अपने दामाद से लगातार मिलती-जुलती रही और परिवार के विरोध की अनदेखी की. अब वो उसके साथ भाग गई.
10 बिस्वा जमीन नाती के नाम की, कोठरी से खोदे गड़े जेवर
आरोपी महिला ने 14 सितंबर को अपनी 10 बिस्वा जमीन नाती के नाम हस्तांतरित कर दी थी. इसके बाद 2 नवंबर को वह मौका पाकर घर से गायब हो गई. परिजनों ने जब जांच की तो पता चला कि वो घर की कोठरी में जमीन के नीचे गाड़कर रखे गए पुश्तैनी जेवर भी खोदकर निकाल ले गई है. इसमें करीब 2 किलोग्राम चांदी और 80 ग्राम सोने के कीमती आभूषण शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: 10 हजार की रिश्वत ने खोली 5.16 करोड़ के खजाने की पोल जलगांव ACB रेड में जिला परिषद अधिकारी बेनकाब
अजगैन थाने में नहीं हुई सुनवाई, SP जयप्रकाश सिंह ने दिया जांच का आश्वासन
पीड़ित बेटे का कहना है कि मां की इस करतूत और पुश्तैनी जेवरात की चोरी की शिकायत उसने सबसे पहले स्थानीय अजगैन थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. पुलिस कप्तान के पास मामला पहुंचने के बाद उन्नाव के एसपी जयप्रकाश सिंह ने पीड़ित को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र उचित विधिक कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.




