पिता की हत्या का लिया बदला… कौन है हनीश गोल्या? जिसने जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को मारा

पिता की हत्या का लिया बदला… कौन है हनीश गोल्या? जिसने जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को मारा

Vijay Bajiya Murder Reason: जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या 2019 में हुई कैलाश की हत्या का बदला लेने के लिए उसके बेटे हनीश गोल्या ने की. 4 आरोपी गिरफ्तार.

Jaipur News: राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुई हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सनसनीखेज हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ गई है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह खौफनाक कत्ल 7 साल पुरानी खूनी रंजिश और पिता की हत्या का बदला लेने के लिए अंजाम दिया गया था. मृतक विजय बाजिया ने वर्ष 2019 में कैलाश नामक व्यक्ति की हत्या की थी. इसी का बदला लेने के लिए कैलाश के बेटे हनीश गोल्या ने अपने साथियों के साथ मिलकर बुधवार रात बीच सड़क विजय पर कुल्हाड़ी और सरियों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.

पुलिस तफ्तीश के मुताबिक, वर्ष 2019 में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया ने कैलाश की हत्या कर दी थी. इस मामले में वह जेल भी जा चुका था और बाद में बाहर आया था. जोबनेर के खिजूरियावास में विजय बाजिया और मृतक कैलाश के परिवारों के घर महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित हैं. रोजाना आमना-सामना होने और विजय के दबंग रवैये के चलते रंजिश की आग लगातार सुलगती रही.

अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए कैलाश का बेटा हनीश गोल्या पिछले कई सालों से मौके की तलाश में था. जोबनेर इलाके में वह पहले भी विजय बाजिया पर 4 से 5 बार जानलेवा हमला कर चुका था, लेकिन हर बार विजय बच निकलता था.

‘302 गैंग’ चलाता था और इंस्टाग्राम पर रील डालकर जमाता था वर्चस्व

प्रॉपर्टी पर अवैध कब्जे और शराब कारोबार से जुड़ा विजय बाजिया अपराध जगत में ‘302 गैंग’ चलाता था. दहशत फैलाने के लिए उसने अपनी फॉर्च्यूनर कार का नंबर भी ‘0302’ (RJ14UQ0302) रखा था, जो हत्या की धारा (IPC 302) का प्रतीक है. इलाके में अपना खौफ कायम रखने के लिए विजय इंस्टाग्राम पर दबंगई के वीडियो और रील्स डालकर फॉलोअर्स बढ़ाता था. उस पर 2 हत्याओं समेत 15 से अधिक मुकदमे दर्ज थे और वह आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच बनने की तैयारी भी कर रहा था.

ये भी पढ़ें: गैंग 302, इंस्टाग्राम पर भौकाल और सरपंच चुनाव लड़ने की तैयारी जयपुर गैंगवार में मारे गए विजय बाजिया पर नए खुलासे

सिर में फंसी रह गई थी कुल्हाड़ी; पुलिस ने रात 3 बजे दबोचे 4 मुख्य आरोपी

बुधवार रात करधनी इलाके में हनीश गोल्या और उसके साथियों ने विजय की फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर रोका और कुल्हाड़ी, सरियों व पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. हमला इतना भीषण था कि एक कुल्हाड़ी विजय के सिर में ही फंसी रह गई और उसकी मौके पर मौत हो गई.

वारदात के बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देश पर एसीपी (ACP) शिव कुमार भारद्वाज की स्पेशल टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रात भर दबिश दी और तड़के रात 3 बजे 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. बाकी फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी है.

ध्वज आर्य
ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More