राजस्थान: पहले सरपंची का चुनाव हारे, फिर संदिग्ध परिस्थिति में मौत; मंदिर के पीछे मिला उम्मीदवार का शव

राजस्थान: पहले सरपंची का चुनाव हारे, फिर संदिग्ध परिस्थिति में मौत; मंदिर के पीछे मिला उम्मीदवार का शव

पाली में सरपंच का चुनाव हारे युवा प्रत्याशी तुलसाराम मेघवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मंदिर के पीछे उनका चोटिल शव मिला, सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

राजस्थान के पाली में एक हैरतंगेज वारदात हुई है. यहां बेडल गांव से सरपंच का चुनाव हारे युवा प्रत्याशी की लाश चोटिल अवस्था में मंदिर के पीछे मिली है. उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं. मृतक की पहचान इसी गांव के रहने वाले तलसाराम मेघवाल (30) के रूप में हुई. पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का मामला दर्ज कर शव कब्जे में लेकर पंचनामा कराया है. पुलिस इस वारदात के पीछे चुनावी रंजिश को मुख्य वजह मान रही है.

पुलिस के मुताबिक हाल ही में हुए सरपंच के चुनाव में तुलसाराम को कुल 113 वोट मिले थे. इस चुनाव में पहले तुलसाराम की हार हुई और अब उन्हें अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा है. मामला पाली जिले के फालना थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक तुलसाराम का शव सोमवार की सुबह बेडल ग्राम पंचायत के बिरोलिया गांव में रामदेवजी मंदिर के पीछे पड़ा मिला. मृतक के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.

दुकान जाने के लिए निकले थे तुलसाराम

सूचना मिलने पर फालना थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है. वहीं, उनके परिजनों ने बताया कि तुलसाराम रविवार की रात घर से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे. उन्होंने परिवार के लोगों से कहा था कि वे वापस आकर खाना खाएंगे, लेकिन अगले दिन सुबह तक नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई.

पिता ने की पहचान

सोमवार सुबह करीब 8 बजे उनके पिता भीमाराम रामदेवजी मंदिर में पूजा करने पहुंचे. इसी दौरान उन्हें मंदिर के पीछे एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की. यह खबर घर पहुंची तो परिवार में मातम पसर गया. पुलिस के मुताबिक मंदिर की छत पर तुलसाराम का फोन पड़ा मिला.

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More