स्पीकर ओम बिरला से मिले TMC के 20 बागी सांसद, नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी में करेंगे विलय

स्पीकर ओम बिरला से मिले TMC के 20 बागी सांसद, नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी में करेंगे विलय

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी की संसदीय पार्टी में फूट पड़ गई है. बागी सांसद ने लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की. इस बीच सूत्रों का दावा है कि टीएमसी के बागी गुट ने Nationalist Citizen Party में विलय का फैसला किया है.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी की संसदीय पार्टी टूट की कगार पर पहुंच गयी है. रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर टीएमसी के बागी सांसदों की बैठक हुई. इस बैठक के बाद सांसद काकोली घोष दस्तीदार, सुदीप बंद्योपाध्याय और शताब्दी रॉय के नेतृत्व में बागी सांसद लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की.

सूत्रों का कहना है कि टीएमसी के बागी गुट ने Nationalist Citizens Party of India में विलय का फैसला किया है. इस पार्टी की मौजूदगी असम, त्रिपुरा, बंगाल और उत्तर पूर्व राज्यों में है. इस पार्टी में विलय करेंगे और एनडीए का समर्थन करेंगे.

स्पीकर के साथ बैठक के बाद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि हम टीएमसी से चुने गए बीस सांसद स्पीकर से मिले और अलग बैठने की रिक्वेस्ट करते हुए एक पत्र दिया; ये बीस सांसद हमारी कुल संख्या का दो-तिहाई से ज्यादा हैं. हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी के साथ मर्ज कर रहे हैं. आगे बढ़ते हुए, हम देश के लिए काम करेंगे और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में NDA के साथ मिलकर काम करेंगे.

20 बागी सांसदों का Nationalist Citizens Party में विलय

बागी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि Nationalist Citizens Party of India में हम मर्ज करेंगे. स्पीकर के पास हस्ताक्षर सहित आवेदन पत्र जमा दिया गया है. उसके बाद 20 जुलाई को लोकसभा खुलेगा. उससे पहले हमारा ब्लॉक रहेगा. उन्हें दफ्तर दिया जाएगा. उसके बाद कौन असली तृणमूल है. इसका फैसला कोर्ट में होगा और कोर्ट का जो फैसला होगा. उसे माना जाएगा.

बता दें कि इससे पहले काकोली घोष दस्तीदार ने 19 सांसदों का हस्ताक्षरित पत्र लोकसभा स्पीकर को दिया था. इस पत्र में टीएमसी का अलग गुट बनाने का दावा किया गया था और एनडीए को समर्थन देने की बात कही गयी थी, लेकिन अब टीएमसी के बागी सांसदों ने अलग पार्टी Nationalist Citizen Party में शामिल होने का फैसला किया है.

Tmc Mp Meeting

टीएमसी के बागी सांसदों की बैठक.

वहीं, रविवार को फिर भूपेंद्र यादव के आवास पर बागी सांसदों ने बैठक की. इस बैठक में सांसद निशिकांत दूबे भी उपस्थित थे. इस बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई.

TMC के बागी सांसदों ने स्पीकर से की मुलाकात

भूपेंद्र यादव के आवास पर बैठक के बाद बागी सांसद लोकसभा स्पीकर के आवास पर पहुंचे. स्पीकर के आवास से जो तस्वीरें सामने आई हैं.

Tmc Mp Speaker

टीएमसी के बागी सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात की.

उनमें काकली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, सुदीप बनर्जी, सयानी घोष, माला रॉय, अरूप चक्रवर्ती, घाटल के सांसद दीपक अधिकारी (देव), यूसुफ पठान, जून माल्या, प्रसून बनर्जी, शर्मिला सरकार, मिताली बाग, अबू ताहिर और खलिलुर्कहमान दिखाई दे रहे हैं. उनके साथ बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे भी हैं. कुल 20 सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात की.

अभिषेक ने अलग गुट को मान्यता नहीं देने की मांग की

उसके बाद रविवार को सांसद अभिषेक बनर्जी की ओर से सांसद कार्ति झा आजाद और सागरिका घोष ने स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की और उन्हें अभिषेक बनर्जी का पत्र देकर अपील की कि अलग गुट को मान्यता नहीं दें. यह संविधान और कानून के खिलाफ हैं.

दूसरी ओर, टीएमसी के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने बागी TMC सांसदों के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने पर कहा, “मैं क्या कह सकता हूं? ये लोग हमारी पार्टी छोड़ चुके हैं. अगर वे पश्चिम बंगाल में ऑपरेशन लोटस के इंचार्ज बीजेपी से मिलते हैं, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है… अगर वे आज स्पीकर से मिलते हैं तो ठीक है… हमने बीजेपी और एनडीए के खिलाफ लड़ाई लड़ी. एनडीए में शामिल होना गलत है.”

इनपुट- कुमार कुंदन

आनंद प्रकाश पांडेय
आनंद प्रकाश पांडेय

दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद 2005 में टीवी पत्रकारिता में कदम रखा. वो सफर अब टीवी9 भारतवर्ष तक पहुंच गया है. राजनीतिक लोगों और राजनीतिक खबरों में रूचि है. भले ही पद एडिटर, नेशनल अफेयर्स का है पर अभी भी खुद को नौसिखिया ही मानता हूं और इसलिए सीखने का क्रम अनवरत जारी है...

Read More