टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामलाः निर्दोष बेटे को घर से उठा लिया… आरोपी रिहान के दोस्त की मां ने क्या-क्या कहा?

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामलाः निर्दोष बेटे को घर से उठा लिया… आरोपी रिहान के दोस्त की मां ने क्या-क्या कहा?

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले में ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. सोनीपत पुलिस ने आरोपी रेहान के बचपन के दोस्त समीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की है.

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर की गई फायरिंग मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है. इस बीच मंगलवार को हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने आरोपी रेहान रहीउसुद्दीन अंसारी के बचपन के दोस्त समीर को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ कर रही है. समीर और रेहान बचपन के दोस्त हैं. ये दोनों पहले अवैध हथियार के मामले में जेल जा चुके हैं. वहीं, समीर की मां ने दावा किया है कि उनके बेटे का इस मामले में कोई लेना-देना नहीं है. समीर और रेहान बचपन में साथ रहते थे, लेकिन अब काफी दिन से दूर रह रहे थे.

समीर की मां ने रोते हुए कहा कि उनके बेटे की एक किडनी नहीं है और उसका इलाज चल रहा है. उसको पुलिस 18 अक्टूबर को घर से उठा ले गई है. समीर 11वीं क्लास में पढ़ता है. परिवार का दावा है कि वह हर रोज स्कूल आता-जाता है और जेल से बाहर आने के बाद वह रेहान से कभी नहीं मिला. वहीं, समीर की मौसी ने कहा कि स्कूल से आने के बाद पूरा दिन घर पर ही रहता था. उसके पास मोबाइल फोन तक नहीं है. वह घर पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहता है.

बीते दिन राजस्थान की कोटा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसमें फूल सिंह, रेहान रहीउसुद्दीन अंसारी और ऋतिक कुमार उर्फ रोशन शामिल हैं. इनमें दो आरोपी हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है.

टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को हुआ था हमला

मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ था. वह फुटबॉल खेलने के बाद अपनी कार से जा रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद तीन बाइक सवारों में से दो ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. पुलिस का कहना है कि पांच से छह राउंड फायरिंग की गई. इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई थी, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था. घटना के बाद पीली पल्सर से आए हमलावर फरार हो गए.

बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने हमला करने की जिम्मेदारी ली. पुलिस कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क और सोशल मीडिया पर सामने आए दावों की जांच कर रही है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हमले के मकसद, संभावित साजिश और उनके संपर्कों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

नितिन आंतिल
नितिन आंतिल