फर्जी कंटेंट फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी… टाइगर श्रॉफ पर हमले के दो दिन बाद टीम का बयान
Tiger Shroff Team Statement: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की टीम ने एक बयान जारी करते हुए फर्जी खबरों और AI वीडियो को लेकर चेतावनी दी है. ये बयान उनपर हुए हमले के बाद सामने आया है.
Tiger Shroff Team Statement: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के दो दिन बाद उनकी टीम ने एक बयान जारी किया है. उनकी टीम का कहना है कि सोशल मीडिया पर टाइगर के नाम से कुछ फर्जी बातें फैलाई जा रही हैं और AI से बनाए गए वीडियो भी शेयर किए जा रहे हैं, लेकिन इन सब चीजों से टाइगर का कोई भी लेना-देना नहीं है. उनकी टीम ने साफ कहा कि हालिया घटना को लेकर टाइगर ने कोई बयान नहीं दिया है और ना घटना को लेकर कोई वीडियो शेयर किया है. टीम ने टाइगर के नाम से फेक कंटेंट फैलाने वानों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी.
टाइगर श्रॉफ की टीम ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर उनके नाम से फैलाई जा ही फर्जी और भ्रामक खबरों से बचें. उनकी टीम ने लिखा, “हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि टाइगर श्रॉफ ने हालिया घटना या उससे जुड़े किसी भी घटनाक्रम को लेकर न तो कोई बयान दिया है, न कोई वीडियो जारी किया है और न ही किसी तरह के संदेश या सूचना के प्रसारण की अनुमति दी है. हमारे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया के कई पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म टाइगर श्रॉफ के नाम से फर्जी खबरें, AI से बनाए गए वीडियो और मनगढ़ंत कहानियां प्रसारित कर रहे हैं. ये सभी दावे पूरी तरह झूठे और अनधिकृत हैं, जिनका उद्देश्य आम जनता को गुमराह करना है.”
टाइगर की टीम ने और क्या कहा?
बयान में आगे कहा गया, “हम इस तरह की सामग्री का समर्थन नहीं करते और न ही इससे हमारा कोई संबंध है. हम सभी मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पेजों से अपील करते हैं कि वे जिम्मेदारी से काम लें, खबरें प्रकाशित करने से पहले उनकी सत्यता की जांच करें और व्यूज या पैसे कमाने के लिए भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें.”

टाइगर श्रॉफ की टीम का बयान
ये भी पढ़ें-
सनी देओल का रामायण से फर्स्ट लुक आ गया सामने? नमित मल्होत्रा की इतनी सॉलिड है प्लानिंग
भाई दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह, बोले- वह शराब नहीं पीते हैं
टीम ने कानूनी कार्रवाई की बात कही
टाइगर की टीम की तरफ से ये भी कहा गया कि इस तरह की फर्जी चीजें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. बयान में कहा गया, “ऐसी फर्जी सामग्री बनाने, उसका प्रचार करने या उसे प्रसारित करने वाले किसी भी व्यक्ति या पेज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हम इन मामलों को गंभीरता से ले रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सभी उपलब्ध कानूनी विकल्प अपनाने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि टाइगर श्रॉफ से जुड़ी सही जानकारी के लिए केवल उनके आधिकारिक बयानों और उनकी आधिकारिक टीम द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें.”




