चमत्कार या अनहोनी का खौफ! सांवरिया सेठ मंदिर के जेवर लौटाकर गया चोर, साथ में रखे 201 रुपये
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में सांवरिया जी मंदिर से 2 लाख रुपये से अधिक के आभूषण चोरी हुए थे. दो दिन बाद, ये आभूषण 201 रुपये की भेंट के साथ रहस्यमय तरीके से मंदिर में वापस मिल गए.
Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में एक मंदिर में चोरी के बाद ऐसा घटनाक्रम सामने आया है, जिसने श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया है. मोहन कॉलोनी स्थित सांवरिया जी के मंदिर से चोरी हुए दो लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण दो दिन बाद वापस मिल गए. खास बात यह है कि आभूषण लौटाने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ 201 रुपये की भेंट भी रखी. अब यह मामला पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले अज्ञात चोर ने दिनदहाड़े मंदिर को निशाना बनाया था और वहां से दो लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण चोरी कर लिए थे. घटना के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता थी. लेकिन चोरी के दो दिन बाद मंदिर में वही आभूषण वापस रखे मिले. उनके साथ 201 रुपये भी रखे हुए थे.
सीसीटीवी में कैद हुआ शख्स
मंदिर में आभूषण वापस रखने की पूरी गतिविधि सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है. फुटेज के मुताबिक, एक व्यक्ति बाइक से मंदिर के पीछे की ओर से पास वाली गली में पहुंचा. इस दौरान उसकी बाइक बंद हो गई. इसके बाद उसने बाइक को एक मकान के सहारे खड़ा किया और मंदिर के गेट तक पहुंचा. वह चोरी किए गए आभूषण मंदिर परिसर में रखकर वहां से चला गया. हालांकि, फुटेज में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान अभी सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसने चोरी का सामान वापस क्यों लौटाया और इसके साथ 201 रुपये की भेंट रखने के पीछे उसकी क्या मंशा थी.
चोर ने वापस रखे मंदिर से चुराए गहने
इस घटनाक्रम के बाद श्रद्धालुओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कई भक्त इसे सांवरिया सेठ का चमत्कार मानकर अपनी आस्था जता रहे हैं. वहीं, कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर चोर को ऐसा क्या हुआ कि उसने चोरी के जेवर खुद ही मंदिर में वापस पहुंचा दिए. फिलहाल, चोरी के बाद आभूषणों की वापसी ने पूरे इलाके में कौतूहल पैदा कर दिया है. श्रद्धालुओं के लिए यह घटना आस्था से जुड़ा विषय बन गई है, जबकि चोर की पहचान और जेवर लौटाने की वजह अब भी रहस्य बनी हुई है.




