किसी की 11 तो किसी की 31 हजार से हुई शुरुआत, आज खान तिकड़ी के पास है 15000 करोड़ की दौलत

किसी की 11 तो किसी की 31 हजार से हुई शुरुआत, आज खान तिकड़ी के पास है 15000 करोड़ की दौलत

खान तिकड़ी को काफी पसंद किया जाता है. तीनों की अच्छी फैन फॉलोइंग है. लीड एक्टर के तौर पर सफर की शुरुआत भी तीनों ने साथ ही की. आइए स्टैट्स के जरिए जानते हैं तीनों के करियर का रिपोर्ट कार्ड कैसा है.

Bollywood Superstars Net Worth: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान ने अपने दम पर कई हिट्स दी हैं और फैंस का मनोरंजन किया है. एक से बढ़कर एक कलाकारों के होने के बावजूद भी खान तिकड़ी पिछले 3 दशक से फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रही है. तीनों के चाहनेवाले हर जगह मिल जाएंगे. हर दौर में फिल्म इंडस्ट्री को पॉपुलर करने वाले और एक लाइन से आगे बढ़कर अपनी पर्सनालिटी से लोगों के दिलों तक घर करने वाले कई सारे कलाकार रहे हैं. जहां एक तरफ 50 के दशक में देव आनंद, राज कपूर और दिलीप कुमार ने ये कमाल संभाली थी और फिल्म इंडस्ट्री को लीड किया था. वहीं 70s में धर्मेंद्र, राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन ने ये कमा किया. इसके बाद 90s के दौर में शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान ने इंडस्ट्री की बागडोर संभाली और अभी तक इस लेगीसी को अपने कंधों पर लिए आ रहे हैं.

तीनों ने जब करियर की शुरुआत की थी तो उनका अपना अलग संघर्ष रहा. तीनों ने अपनी जर्नी को अलग-अलग चुनौतियों से होते हुए निकाला और आज सबसे सफलतम एक्टर्स की सूची में तीनों का नाम आता है. सिर्फ सरनेम ही नहीं बल्कि तीनों का करिश्मा ही कुछ ऐसा है कि इन तीनों कलाकारों का नाम इंडस्ट्री में एक साथ लिया जाता है. तीनों ने अपने करियर में अच्छे-बुरे हर तरह के दौर देखे और खुद को मुश्किलों से बाहर निकाला. आज शाहरुख, सलमान और आमिर खान सिर्फ फैंस के लिए रोल मॉडल या स्टेटस सिंबल ही नहीं है बल्कि देश का गर्व भी हैं. देश इन तीनों के नाम से दुनियाभर में जाना जाता है. इन तीनों की फिल्में अब विदेश में भी बंपर कमाई करती हैं. आइए एक-एक कर बॉलीवुड की इस खान तिकड़ी से सुनहरे सफर पर एक नजर डालते हैं.

शाहरुख खान का जुनून जिसने एक आम इंसान को खास बना दिया

तीनों खान में शाहरुख खान की पॉपुलैरिटी सबसे ज्यादा है और उनका चार्म अलग है. उनका अंदाज उन्हें औरों से जुदा करता है. तभी एक साधारण परिवार से आने के बाद भी उन्होंने कभी एक सपना देखा था कि वे एक एक्टर बनेंगे. शुरू में वे उतने भी स्टाइलिश या डैशिंग नहीं थे ना कोई खास पर्सनालिटी थी. लेकिन एक जुनून था. खुद पर भरोसा था. उन्होंने उस भरोसे के साथ कदमताल किया और देखते-देखते वे फिल्म इंडस्ट्री के बेताज बादशाह बन गए. आज उन्हें लोग किंग कहकर बुलाते हैं. कभी किसी भीड़ में खड़े एक शख्स की तरफ शायद किसी का ध्यान भी नहीं जाता. लेकिन शाहरुख के अंदर वो चार्म भी था और किस्मत भी. दोनों एक-दूसरे के साथी बने और एक्टर ने अपने करियर को ऊंची उड़ान दी. अवसरों को भुनाया. जो रोल मिला उसे अच्छी तरह से किया. काम में ईमानदारी में कोई कमी नहीं की. मेहनत की. खुद पर काम किया. और उन्हें एक के बाद एक फिल्में मिलती चली गईं.

उनकी पहली फिल्म दीवाना थी जिसके लिए उन्हें 1.5 लाख रुपये मिले थे. इसके बाद दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे, कभी हां कभी ना, डर, बाजीगर, बादशाह, मैं हूं ना, माई नेम इज खान, हैपी न्यू ईयर, चेन्नई एक्सप्रेस, चकदे इंडिया, मोहब्बतें, कभी खुशी कभी गम, दिल तो पागल है, पहेली, रईस, फैन, पठान और जवान जैसी फिल्मों के जरिए फैंस का मनोरंजन किया और अपनी एक्टिंग क्लास भी दिखाई. थोड़ा रोमांटिक अंदाज, थोड़ी शरारत और अभिनय में विविधता से उन्होंने अपने किरदारों को लोगों के दिलों में बसा दिया. रिपोर्ट्स की मानें तो आज किंग खान के पास 10,000 करोड़ की सम्पत्ति है. वहीं वे 100 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं.

Bollywood Khan Stats

सलमान खान ने चुलबुली इमेज और अनुशासन में किया बैलेंस

सलमान खान जब इंडस्ट्री में नए आए थे तो उन्होंने अपनी खूबसूरती से ही सभी का मन मोह लिया था. लड़कियों के बीच उनकी दीवानगी उस दौर में भी थी और अभी भी है. वे लड़कियों के ड्रीम बॉय थे. हालांकि करियर और पर्सनल लाइफ दोनों में उन्होंने उतार-चढ़ाव देखे. लेकिन एक दौर वो भी रहा जब उन्होंने बैक टू बैक सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं. सलमान खान को फिल्म इंडस्ट्री तो विरासत में मिली थी. उनके पिता बड़े लेखक थे और उनकी स्टेप मदर भी फिल्मों में काफी काम कर चुकी थीं. इसलिए इंडस्ट्री में एंट्री मारने में तो उन्हें दिक्कत नहीं हुई. लेकिन वक्त ने समय-समय पर सुपरस्टार की परीक्षा भी ली. मौजूदा समय में भी उनकी पिछली कुछ फिल्में खास परफॉर्म नहीं कर पा रही हैं. लेकिन सलमान खान कमबैक करने का जज्बा रखते हैं. उन्हें पता है कि चुनौतियों का डंटकर सामना कैसे करते हैं.

बीवी हो तो ऐसी फिल्म से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. उस दौरान उन्हें फिल्म के लिए 31 हजार रुपये की फीस मिली थी. लेकिन आज वे एक शो के लिए 100 करोड़ से ज्यादा रुपये लेते हैं. वे 120 के करीब फिल्में कर चुके हैं. फिल्मों में शुरुआत में अपने चुलबुले अंदाज से उन्होंने फैंस को प्रभावित किया उसके बाद धीरे-धीरे उन्होंने एक सख्त इमेज वाले किरदार प्ले किए. उन्होंने सनम बेवफा, हम दिल दे चुके सनम, तेरे नाम, हम आपके हैं कौन, करण अर्जुन, हैलो ब्रदर, गॉड तुस्सी ग्रेट हो, युवराज, पार्टनर, दबंग, टाइगर जिंदा है, प्रेम रतन धन पायो, मैंने प्यार किया, मैंने प्यार क्यों किया, गर्व, बागवान, अंदाज अपना अपना, वीर, बजरंगी भाईजाना, किक, बॉडीगार्ड, सुल्तान, ट्यूबलाइट, सिकंदर और किसी का भाई किसी की जान जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं. उनकी नेटवर्थ 3225 करोड़ रुपये है. हालांकि वे बींग ह्यूमन के नाम से एनजीओ चलाते हैं और काफी पैसा दान करते हैं. उनकी भाई जान वाली इमेज पर दर्शक फिदा हैं. बाहर से सख्त अंदर से नरम. ऐसे हैं सलमान खान.

ये भी पढ़ें- रजनीकांत की जेलर 2 से विजय देवरकोंडा की राणाबाली तक, अक्टूबर 2026 में धमाल मचाएंगी साउथ की 11 धांसू फिल्में

आमिर खान ने अपनी शर्तों पर बनाया अपने करियर का आशियाना

आमिर खान ने बहुत पहले ही फिल्मों में अपने कदम रख लिए थे. यादों की बारात फिल्म में वे बाल कलाकार के तौर पर नजर आए थे उस समय वे 8 साल के थे. वे भी फिल्मी खानदान से ताल्लुक रखते थे इसलिए उन्हें फिल्मों में काम पाने में तो ज्यादा दिक्कत नहीं हुई. और अपने चार्म से उन्होंने पीढ़ियों को इंप्रेस किया. आमिर खान की फिल्में हर वर्ग के लोग देखते हैं और उनसे प्रभावित नजर आते हैं. दोनों खान्स की तुलना में आमिर का पैटर्न जरा दूसरा है. जैसा अपने जमाने में दिलीप कुमार साहब का था. उस दौर के बाकी कलाकारों की तुलना में दिलीप कुमार ने काफी कम फिल्में भी की और ब्रेक भी लिए. वैसे ही आमिर ने भी ब्रेक ले-लेकर कम फिल्में कीं लेकिन करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में दी.

मिस्टर परफेक्शनिस्ट का टैग उन्हें ऐसे ही नहीं मिला. फिल्म के सिलेक्शन से लेकर उसके रिलीज हो जाने के बाद तक आमिर अपनी फिल्मों में पूरा फिजिकल एफर्ट्स भी लगाते हैं और दिमाग भी लगाते हैं. सोचिए जरा कि अगर दंगल जैसी फिल्म को वो चीन में रिलीज ना करते तो आज भी ये फिल्म 300 करोड़ की मूवी बनकर रह जाती. लेकिन आमिर का वो दांव इतना अचूक था कि उसने ना केवल भारतीय सिनेमा को उसकी पहली 2000 करोड़ी फिल्म दी बल्कि आगे की फिल्मों के लिए विदेशी मार्केट का रास्ता भी खोल दिया. अब तक बाहुबली, आर आर आर, कल्कि, पठान, जवान, पुष्पा 2 और हाल ही में आई धुरंधर सीरीज की दोनों फिल्में भी एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी 2000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करना तो दूर छू भी नहीं सकी हैं.

Srk Salman Aamir

आमिर खान ने अपने करियर में 45 के करीब फिल्में की हैं. उन्होंने यादों की बारात से शुरूआत की थी. साल 1984 में वे होली फिल्म में यंग एक्टर के तौर पर नजर आए थे. वहीं लीड एक्टर के तौर पर उनकी पहली फिल्म कयामत से कयामत तक थी. इस फिल्म के लिए आमिर को मात्र 11 हजार रुपये मिले थे. लेकिन इत्तेफाक देखिए कि दंगल के लिए ही उन्हें 275 करोड़ रुपये मिले. जो शायद देश के किसी भी एक्टर की किसी एक फिल्म से सबसे ज्यादा कमाई है. वहीं नेटवर्थ की बात करें तो आमिर खान के पास भी 1862 करोड़ रुपये है.

ये भी पढ़ें- सिंघम, गोलमाल या दृश्यम, अजय देवगन के करियर की सबसे सक्सेसफुल फिल्म फ्रेंचाइजी कौन सी है?

15000 करोड़ पार है तीनों खान की नेटवर्थ

कभी फर्श से संघर्ष से अपने करियर की शुरुआत करने वाले तीनों खान के पास आज अपार पैसा है. 2000 करोड़ रुपये का हाल ही में नुकसान झेलने के बाद भी 10,000 करोड़ रुपये की कुल नेटवर्थ के साथ शाहरुख खान देश के सबसे अमीर एक्टर हैं और दुनिया के भी सबसे अमीर एक्टर्स में गिने जाते हैं. वहीं दूसरी तरफ सलमान खान के पास 3225 करोड़ रुपये हैं. वहीं आमिर खान की कुल सम्पत्ति 1862 करोड़ रुपये की है. इसे मिला लिया जाए तो बॉलीवुड की खान तिकड़ी के पास कुल 15087 करोड़ रुपये की नेटवर्थ है और साथ में 3 दशक के फिल्मी करियर की समृद्ध विरासत.

पुनीत उपाध्याय
पुनीत उपाध्याय

पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.

Read More