IPL 2027: कप्तानी नहीं मिली तो बुमराह ने ठुकराया MI का बड़ा ऑफर? हुआ बड़ा खुलासा
Jasprit Bumrah: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस को नया कप्तान मिल गया है. इस बीच टीम के अहम गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है. उन्होंने टीम का एक बड़ा ऑफर ठुकरा दिया है.
Jasprit Bumrah: आईपीएल 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाने का आधिकारिक ऐलान तो कर दिया है, लेकिन इस फैसले के पीछे ड्रेसिंग रूम की कई अनकही कहानियां और नया तनाव भी सामने आने लगा है. पिछले तीन सीजन में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन और हार्दिक पंड्या के कप्तान बनने के बाद ड्रेसिंग रूम में टूटे भरोसे को फिर से जोड़ने के लिए फ्रेंचाइजी ने यह कदम उठाया है. इन सब के बीच टीम के अहम गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है.
बुमराह ने ठुकराया MI का बड़ा ऑफर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए कप्तान के सेलेक्शन के दौरान मुंबई इंडियंस ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव और भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा के नाम पर विचार नहीं किया. वहीं, 2025 मेगा ऑक्शन में 18 करोड़ रुपए में रिटेन किए गए टीम के सबसे अहम सदस्य जसप्रीत बुमराह को भी कप्तानी की दौड़ में शामिल नहीं किया गया.
वहीं, मुंबई इंडियंस के पास कोई स्थायी उपकप्तान नहीं है और पिछले सीजन हार्दिक की गैरमौजूदगी में सूर्या और बुमराह ने बारी-बारी से कप्तानी संभाली थी, ऐसे में अक्टूबर के पहले सप्ताह में फ्रेंचाइजी के टॉप अधिकारियों ने बुमराह से रोहित शर्मा का डिप्टी यानी उपकप्तान बनने का प्रस्ताव रखा था. हालांकि, बुमराह ने अपने निजी कारणों से इस ऑफर को ठुकरा दिया.
MI से नाराज हैं बुमराह?
जसप्रीत बुमराह साल 2013 में 19 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और अब तक 14 आईपीएल सीजन में 187 विकेट चटकाकर टीम की रीढ़ बन चुके हैं. लेकिन अब लीडरशिप ग्रुप में नजरअंदाज किए जाने के बाद क्रिकेट गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह दिग्गज तेज गेंदबाज IPL 2028 से पहले होने वाले अगले मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर नए विकल्पों की तलाश करेगा. हालांकि, मुंबई इंडियंस और बुमराह की ओर से इस मुद्दे पर कोई बयान सामने नहीं आया है.




