Asia Cup Rising Stars: पाकिस्तान ने फाइनल में बनाई जगह, बांग्लादेश को 5 विकेट से हराया, अब श्रीलंका से टक्कर
Bangladesh A vs Pakistan A: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बाजी मारी. उसने बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया.
Bangladesh A vs Pakistan A, Asia Cup Rising Stars: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान-ए ने बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. दोहा में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश-ए ने शहादत हुसैन के शानदार शतक की बदौलत 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 232 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान-ए की टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए 45.2 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाकर टारगेट हासिल कर लिया. अब टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान-ए का सामना श्रीलंका-ए से होगा.
शहादत हुसैन का नाबाद शतक
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश-ए की शुरुआत काफी खराब रही और टीम ने महज 15 के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए. हालांकि, इसके बाद शहादत हुसैन ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा. शहादत हुसैन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 118 गेंदों पर 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 103 रनों की शतकीय पारी खेली. उन्हें विकेटकीपर महिदुल इस्लाम अंकोन और एसएम मेहरोब का अच्छा साथ मिला, जिसके चलते टीम 232 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची.
वहीं, पाकिस्तान-ए की ओर से स्पिनर सुफियान मुकीम ने काफी किफायती और घातक गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए. उनके अलावा तेज गेंदबाज अली रजा और हसन नवाज को 2-2 सफलताएं मिलीं.
हसन नवाज का ऑलराउंड प्रदर्शन
233 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान-ए की टीम को भी शुरुआती ओवरों में रिपोन मंडल ने दो बड़े झटके दिए और 3.4 ओवर में स्कोर 21/2 हो गया. लेकिन इसके बाद शाहजैब खान और हसन नवाज ने पारी को संभाला. शाहजैब खान ने 85 गेंदों पर 50 रन और हसन नवाज ने 91 गेंदों पर 62 रन बनाकर तीसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की. इस जोड़ी ने पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
फिर कप्तान अब्दुल समद ने सिर्फ 33 गेंदों पर 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 44 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, वहीं फरहान यूसुफ ने 39 गेंदों पर नाबाद 46 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई. इसी के साथ पाकिस्तान ने रिकॉर्ड 5वीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.




