IND vs NZ: गुरनूर करेंगे टेस्ट डेब्यू, सिराज रहेंगे बाहर? क्राइस्टचर्च में ये हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग XI

IND vs NZ: गुरनूर करेंगे टेस्ट डेब्यू, सिराज रहेंगे बाहर? क्राइस्टचर्च में ये हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग XI

टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन क्राइस्टचर्च टेस्ट में क्या होगी? क्या सिराज खेलेंगे? गुरनूर बराड़ को डेब्यू का मौका मिलेगा? कुल मिलाकर 3 बदलाव की संभावनाएं दिख रही हैं.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का आखिरी मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा. इस टेस्ट मैच के लिए दोनों टीमों ने कमर कस रखी है, क्योंकि सवाल इसे जीतकर सीरीज जीतने का है. इससे पहले पहला टेस्ट वेलिंगटन में ड्रॉ रहा था. क्राइस्टचर्च के हालात वेलिंगटन से अलग हैं. हैगले ओवल की पिच पर हरी घास होने के चलते यहां तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा है. ऐसे में सवाल है कि टीम इंडिया अपने किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरेगी? दूसरे टेस्ट में उसकी प्लेइंग इलेवन क्या होगी?

गुरनूर बराड़ खेल सकते हैं दूसरा टेस्ट

क्राइस्टचर्च टेस्ट से एक दिन पहले टीम इंडिया के बॉलिंग कोच ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को लेकर जो कहा, उससे लगता है कि उनका डेब्यू पक्का है. गुरनूर ने अभी तक सिर्फ वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व किया है. लेकिन, लगता है कि क्राइस्टचर्च उनका टेस्ट मैच खेलने का इंतजार खत्म हो सकता है. टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्केल ने कहा कि जब से गुरनूर भारतीय टीम में शामिल हुए हैं, उनकी रफ्तार और उछाल को लेकर काफी उत्साह है. मुझे लगता है वे क्राइस्टचर्च की परिस्थितियों के लिए सटीक साबित होंगे. वे दरवाजा खटखटा रहे हैं और मौके की ताक में हैं.

सिराज का खेलना तय नहीं

मॉर्केल ने सिराज की भी तारीफ की. उन्होंने उन्हें वर्ल्ड क्लास गेंदबाज भी बताया. मगर जो एनर्जी गुरनूर को लेकर दिए उनके बयान में लगी वो सिराज के बारे में बोलते हुए नहीं दिखी. मॉर्केल ने कहा कि सेलेक्शन का फैसला कई बार कठिन होता है और खिलाड़ी को उसके लिए खुद जिम्मेदारी लेनी होती है. सिराज वेलिंगटन टेस्ट में भी भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे.

दूसरे टेस्ट की टीम में 3 बदलाव संभव

साफ है कि क्राइस्टचर्च में सिराज के खेलने पर सस्पेंस की स्थिति बनी है. वहीं गुरनूर बराड़ के खेलने के चांस उतने ही मजबूत दिख रहे हैं. टीम में एक और बदलाव स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर दिख सकता है, जहां रवींद्र जडेजा, सुंदर की जगह लेते दिख सकते हैं. कुल मिलाकर वेलिंगटन के मुकाबले क्राइस्टचर्च में उतरने वाली भारतीय प्लेइंग इलेवन में कुल 3 बदलाव होते दिख सकते हैं.

क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत की संभावित XI

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा , जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज, प्रसिद्ध कृष्णा/सिराज, आकाश दीप/ गुरनूर बराड़

साकेत शर्मा
साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More