जब मुश्ताक खान का हुआ था अपहरण, 12 घंटे तक बनाया बंधक, मांगी गई थी 1 करोड़ की फिरौती
बॉलीवुड एक्टर मुश्ताक खान की जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा है, जो काफी खौफनाक है. दरअसल, एक्टर को एक इवेंट के बहाने अपहरण कर लिया गया था और फिरौती की भी मांग की थी.
दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान, जिन्हें वेलकम, हेरा फेरी और स्त्री 2 जैसी फिल्मों में उनके काम के लिए जाना जाता है, के निधन की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि वह कैंसर से जूझ रहे थे. मुश्ताक के जाने से इंडस्ट्री में शौक की लहर है. वैसे तो अब एक्टर इस दुनिया में नहीं है. लेकिन उनकी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद डरावना किस्सा है, जिसे सुन आप भी हैरान रह जाएंगे. ये किस्सा साल 2024 का है, जब एक फर्जी इवेंट के बहाने मुश्ताक को किडनैप कर लिया गया था.
जी हां, मुश्ताक खान को कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया था. हालांकि, उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई. इस मामले में बाद में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था. जांच में सामने आया कि एक गैंग फर्जी इवेंट के निमंत्रण के जरिए फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों को निशाना बनाता था.
ये भी पढ़ें: अक्षय खन्ना ने शूटिंग से 7 दिन पहले छोड़ दी थी दृश्यम 3, अब डायरेक्टर बोले- नियम बनाना होगा
फर्जी इवेंट का न्योता देकर किया गया था किडनैप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुश्ताक खान को एक इवेंट में शामिल होने का न्योता दिया गया था. उन्हें फ्लाइट की टिकट और एडवांस पेमेंट भी दी गई थी. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह उनके लिए भेजी गई गाड़ी में सवार हो गए. इसके बाद उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया गया और बिजनौर के पास एक जगह पर बंधक बना लिया गया. पुलिस के मुताबिक, उन्हें फंसाने के लिए फर्जी इवेंट का सहारा लिया गया था.
मुश्ताक के बिजनेस पार्टनर शिवम ने उस समय दावा किया था कि अपहरणकर्ताओं ने एक्टर को करीब 12 घंटे तक टॉर्चर किया और उनसे 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी. इतना ही नहीं, मुश्ताक और उनके बेटे के बैंक अकाउंट से 2 लाख रुपये से ज्यादा की रकम भी निकाल ली गई थी.
अजान की आवाज सुनकर भाग निकले मुश्ताक खान
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात मुश्ताक खान के भागने की कहानी थी. शिवम के मुताबिक, सुबह के समय एक्टर ने अजान की आवाज सुनी. उन्हें अंदाजा हुआ कि आसपास कोई मस्जिद जरूर होगी. इसके बाद मुश्ताक किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब हो गए. उन्होंने स्थानीय लोगों से मदद मांगी और फिर पुलिस तक पहुंचे.
शिवम ने बताया था कि इस घटना के बाद मुश्ताक और उनका परिवार पूरी तरह सदमे में था. उन्होंने कहा था कि मुश्ताक ने खुद को संभालने के बाद एफआईआर दर्ज कराने का फैसला किया था. शिवम ने यह भी दावा किया था कि उनके पास फ्लाइट टिकट, बैंक अकाउंट से जुड़े सबूत और एयरपोर्ट के आसपास की सीसीटीवी फुटेज मौजूद थी. उन्होंने बताया था कि मुश्ताक उस इलाके और उस घर को भी पहचानते थे, जहां उन्हें रखा गया था।
बाद में मुश्ताक खान ने खुद भी अपने अपहरण के बारे में बताया था. उन्होंने दावा किया था कि उन्हें बंदूक दिखाकर धमकाया गया था और उन्हें महसूस हो गया था कि अगर वह अपहरणकर्ताओं के साथ ज्यादा समय तक रहे तो उनकी जान को खतरा हो सकता है.




