टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सलमान खान की बढ़ाई गई सुरक्षा, कंपाउंड के अंदर भी पुलिसकर्मी तैनात
Salman Security: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा पुख्ता कर दिया गया है. हाल ही में जानकारी मिली कि शूटर्स ने कई एक्टर्स के घरों के आसपास की जगहों की रेकी की थी.
Salman Khan Security: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए जानलेवा हमले के बाद से पूरी फिल्म इंडस्ट्री खौफ में है. इस घटना के सामने आने के बाद से बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा और उनकी चिंता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. हाल ही में पता चला है कि हमलावरों का असली मकसद किसी बड़े चेहरे को निशाना बनाना था. शूटर्स ने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे कई एक्टर्स के घरों के आसपास कई दिनों तक रेकी की थी. यूं तो टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया. साथ ही साथ इस खुलासे के बाद सलमान खान की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के एंट्री गेट के आसपास एके-47 से लैस पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. वहीं, अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षाकर्मियों से भरी एक बस और पुलिस की कई गाड़ियां भी दिखाई दे रही हैं. वहीं कंपाउंड के अंदर भी हथियारबंद पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात हैं.
आरोपियों ने रेकी के बनाए थे वीडियो
जांच से सामने आया है कि टाइगर श्रॉफ कथित तौर पर आरोपियों का पहला निशाना नहीं थे. इससे पहले सलमान खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुड सितारों की रेकी किए जाने की बात सामने आई है. आरोपियों ने इन सितारों की रेकी के वीडियो बनाए और अमेरिका में मौजूद अनिल पंडित को भेजे.
बताया जा रहा है कि चारों सितारों तक पहुंचना मुश्किल होने के बाद टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया. आरोपियों ने कथित तौर पर सात दिनों तक उनकी रेकी की और फिर उन पर हमला किया.

सलमान का घर
सलमान खान की सिक्योरिटी बढ़ाई
दरअसल बॉलीवुड के ‘दबंग’ स्टार सलमान खान लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं. एक्टर के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया जा चुका है. वहीं, धमकियों का सिलसिला होने के बाद से ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था को बेहद चाक-चौबंद कर दिया गया. सुरक्षा खतरों को देखते हुए सलमान खान को ‘Y+’ (वाई-प्लस) कैटेगरी की सुरक्षा दे रखी है. जिसे समय-समय पर और ज्यादा मजबूत किया गया है.
कैसी होती है ‘Y+’ सिक्योरिटी?
सरकारी सुरक्षा प्रावधानों के तहत ‘Y+’ कैटेगरी में कुल 11 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी और कमांडो तैनात रहते हैं. उनकी सुरक्षा में हर समय सशस्त्र कमांडो और लोकल पुलिस के जवान तैनात रहते हैं. सलमान खान जब भी घर से बाहर निकलते हैं, तो उनके काफिले के साथ पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ियां चलती हैं. सरकारी सुरक्षा के अलावा उनके पास पर्सनल बॉडीगार्ड शेरा और उनकी टीम भी मौजूद रहते हैं.




