KSBKBT 2: तुलसी-मिहिर का सफर खत्म, 15 महीने के बाद बंद हुआ ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’

KSBKBT 2: तुलसी-मिहिर का सफर खत्म, 15 महीने के बाद बंद हुआ ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’

Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: टीवी का आइकॉनिक शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' अब ऑफ एयर हो चुका है. एकता कपूर ने एक इमोशनल नोट शेयर करके शो के सफर को याद किया है.

Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 Finale: टीवी इंडस्ट्री के इतिहास में एक और ऐतिहासिक अध्याय 20 अक्टूबर को खत्म हो गया. एकता कपूर का सबसे चर्चित और आइकॉनिक फैमिली ड्रामा शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ ऑफ एयर हो चुका है. इस मौके पर शो की निर्माता एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक नोट शेयर किया है. एकता ने कहा कि यह वही शो है, जिसने उन्हें वह बनाया है जो आज वह हैं.

शो के आखिरी एपिसोड के ऑन एयर होने से पहले एकता कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय के साथ शो के कई खूबसूरत पल दिखाए गए हैं. वीडियो के साथ एकता ने कैप्शन में लिखा, “क्योंकि का आज आखिरी एपिसोड! कुछ विदाई बहुत मुश्किल होती हैं, लेकिन मेरे दिल में क्योंकि के लिए हमेशा प्यार रहेगा.” उन्होंने आगे लिखा कि इस शो ने उनकी जिंदगी पर एक गहरा प्रभाव छोड़ा है और इसी ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है.

450 एपिसोड का सफर

शुरुआत में इस सीक्वल को लेकर जो योजना बनाई गई थी, उसने अपनी पॉपुलैरिटी के दम पर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. एकता ने खुलासा किया कि ये शो मूल रूप से केवल 167 एपिसोड्स के लिए प्लान किया गया था, लेकिन दर्शकों के बेइंतहा प्यार और जबरदस्त लोकप्रियता के चलते इसे आगे बढ़ाया गया और आखिरकार इस शो ने अपने 450 एपिसोड्स का सफर सफलतापूर्वक पूरा किया.

View this post on Instagram

A post shared by EktaaRkapoor (@ektarkapoor)

स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय का दमदार कमबैक

अगर इस आइकॉनिक फ्रेंचाइजी के इतिहास पर नजर डालें, तो एकता कपूर द्वारा निर्मित ओरिजिनल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ की शुरुआत 3 जुलाई 2000 को हुई थी. इसने 6 नवंबर 2008 तक कुल 1833 एपिसोड्स के साथ टीवी पर राज किया था. इसके ठीक लगभग 17 साल के बाद 29 जुलाई 2025 को इसका सीक्वल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ शुरू हुआ, जिसमें फैंस की चहेती जोड़ी स्मृति ईरानी (तुलसी) और अमर उपाध्याय (मिहिर विरानी) ने एक बार फिर वापसी कर पुरानी यादें ताजा कर दीं.

महज 167 एपिसोड्स के छोटे सफर के तौर पर शुरू हुआ यह सीक्वल फैंस के सिर चढ़कर बोला और देखते ही देखते इसने अपने 15 महीने के सफल कार्यकाल में 450 एपिसोड्स का आंकड़ा पार कर लिया. 20 अक्टूबर की रात 10:30 बजे स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर इसके आखिरी एपिसोड के साथ ही इस सुनहरे दौर का एक बार फिर अंत हो गया.

ये भी पढ़ें-

सनी देओल का रामायण से फर्स्ट लुक आ गया सामने? नमित मल्होत्रा की इतनी सॉलिड है प्लानिंग

भाई दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह, बोले- वह शराब नहीं पीते हैं

‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का BTS वीडियो

फिनाले से ठीक पहले स्मृति ईरानी ने भी अपने यूट्यूब चैनल पर एक बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) वीडियो शेयर कर उन तमाम लेखकों, तकनीशियनों और क्रू मेंबर्स का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने इस सीरीज को परवान चढ़ाने में अपनी पूरी जान लगा दी थी. भले ही तुलसी और मिहिर की यह कहानी एक बार फिर टीवी से विदा ले रही है, लेकिन भारतीय टेलीविजन के इतिहास में ‘क्योंकि’ का यह सफर हमेशा अमर रहेगा.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More