Venice Film Festival 2026: अनुपर्णा रॉय की ‘लवर्स इन द ब्लू नाइट’ ने वेनिस फिल्म फेस्टिवल में जीता ये अवॉर्ड
अनुपर्णा रॉय ने एक बार फिर वेनिस फिल्म फेस्टिवल में इतिहास रचा है. बेस्ट डायरेक्टर का खिताब जीतने के बाद उनकी फिल्म 'लवर्स इन द ब्लू नाइट' ने NETPAC का बेस्ट एशियन फिल्म अवॉर्ड जीता है.
Venice Film Festival 2026: वेनिस फिल्म फेस्टिवल 2026 में फिल्ममेकर अनुपर्णा रॉय ने लगातार दूसरे साल बड़ी कामयाबी हासिल की है. इस बार उनकी फिल्म ‘लवर्स इन द ब्लू नाइट’ ने NETPAC का बेस्ट एशियन फिल्म अवॉर्ड अपने नाम किया है. पिछले साल उन्होंने फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ फॉरगॉटेन ट्रीज’ के लिए बेस्ट डायरेक्टर का खिताब अपने नाम किया था.
NETPAC ज्यूरी ने फिल्म को मुंबई में हाशिए पर रहने वाले लोगों की जिंदगी दिखाने के लिए सम्मानित किया है. ज्यूरी ने फिल्म में प्रवासी मजदूरों की जिंदगी और उनके संघर्षों को बेहद संवेदनशील तरीके से दिखाने के लिए तारीफ की. फिल्म में विस्थापन, शहर में रहने की मुश्किलें, गरीबी और रिश्तों जैसे मुद्दों को भी दिखाया गया है. ज्यूरी ने निर्देशक अनुपर्णा रॉय के काम और उनकी कहानी कहने के अंदाज की भी तारीफ की.
क्या बोलीं अनुपर्णा रॉय?
अनुपर्णा रॉय ने फिल्म को अवॉर्ड मिलने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, “NETPAC अवॉर्ड मिलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है, क्योंकि ये फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है. ऐसे किरदार और जिंदगियां हैं जो अक्सर समाज के हाशिए पर रह जाती है.”
आगे वो कहती हैं, “मैं इन किरदारों को प्यार, सम्मान और ईमानदारी के साथ दिखाना चाहती थीं. अपनी पहली फिल्म के एक साल बाद वेनिस में ये सम्मान मिलना बेहद खास और भावुक पल है. मुझे खुशी है कि फिल्म दर्शकों और ज्यूरी दोनों को पसंद आई.”
फिल्म की कहानी मुंबई में बेस्ड है और इसे विकास कुमार, शारिब खान, बिभांशु राय और रोमिल मोदी ने प्रोड्यूस किया है. वेनिस फिल्म फेस्टिवल में ओरिज्जोंटी कंपटीशन को स्पॉटलाइट के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण कंपटीशन माना जाता है.
14 फिल्मों से था मुकाबला
‘लवर्स इन द ब्लू नाइट’ का मुकाबला 14 अन्य फिल्मों से था. इनमें ला रगाज्जा कॉन ला लैका (La Ragazza con la Leica), द बर्निंग जायंट्स (The Burning Giants), व्हाट बिलॉन्ग्स टू अदर्स (What Belongs to Others), फॉलिंग हाउस (Falling House), द डि डिफिकल्ट ब्राइड (The Difficult Bride) और अंटिल द डे एंड्स (Until the Day Ends) जैसी फिल्में शामिल थीं.




