Hustle 5 Winner: सोनीपत के रैपर धड़कन बने ‘हसल 5’ के चैंपियन, मिली 1 करोड़ की प्राइज मनी
'हसल 5- अपना होमग्राउंड' के विनर का ऐलान हो चुका है. सोनीपत के दक्ष पेंढारकर उर्फ धड़कन ने 1 करोड़ की प्राइज मनी और ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया. WhysoKai बने फर्स्ट रनर-अप.
Hustle 5 Winner: देश के सबसे बड़े और बहुचर्चित रैप रिएलिटी शो ‘हसल 5- अपना होमग्राउंड’ को अपना नया चैंपियन मिल चुका है. हफ्तों तक चले कड़े मुकाबले, तीखे राइम्स और दमदार बीट्स के बाद पैराडॉक्स स्क्वॉड के स्टार कंटेस्टेंट धड़कन उर्फ दक्ष पेंढारकर ने इस सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया है. हरियाणा के सोनीपत से ताल्लुक रखने वाले धड़कन ने न केवल चमचमाती विनर ट्रॉफी उठाई, बल्कि 1 करोड़ रुपये की भारी-भरकम प्राइज मनी भी अपने नाम कर ली. फिनाले के इस महा-मुकाबले में WhysoKai ने फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया, जबकि हरमीत सेकंड रनर-अप रहे.
रैप सुप्रीमो बादशाह के मार्गदर्शन में इस सीजन ने भारत की हिप-हॉप संस्कृति को ‘अपना होमग्राउंड’ की थीम के साथ एक नए स्तर पर पहुंचाया. फिनाले की शाम को और भी धमाकेदार बनाने के लिए म्यूजिक और बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरे मंच पर मौजूद रहे. राजा कुमारी, निकिता गांधी, इक्का, डिनो जेम्स, बेला, प्रिंस नरूला और किंग जैसे दिग्गजों ने अपने परफॉर्मेंस से समां बांध दिया. एक्टर कुणाल खेमू और एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने भी ‘हसल 5’ के मंच पर पहुंचकर अपनी मौजूदगी से चार चांद लगाए.
नोट्स में मैनिफेस्ट किया था यह पल
अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद भावुक होते हुए धड़कन उर्फ दक्ष ने कहा, “यह सब आज भी एक सपने जैसा लग रहा है. जब भी सोचता हूं कि एक वक्त था जब मैंने अपने फोन के नोट्स में इस पल को मैनिफेस्ट किया था… और आज ‘हसल सीजन 5’ का विनर ‘धड़कन’ बन चुका है! ये सफर किसी पागलपन से कम नहीं रहा. नए अनुभव, सीख और एक खूबसूरत नया परिवार मिला. बादशाह भाई, सभी स्क्वॉड बॉसेज, प्रोडक्शन और म्यूजिक टीम का दिल से शुक्रिया. यह सीजन ‘होमग्राउंड’ को समर्पित था और मुझे इसका हिस्सा बनकर गर्व है. फैंस के प्यार के बिना यह मुमकिन नहीं था. ‘हसल 5’ से धड़कन साइन-ऑफ कर रहा है, पर असली सफर तो अब शुरू हुआ.”
ये भी पढ़ें-
बार-बार पुलिसवाला बनकर थक गए हैं जयदीप अहलावत? दृश्यम 3 की सक्सेस पर ये क्या बोल गए
सीक्वल फिल्में करना पसंद नहीं करते हैं रजनीकांत, फिर क्यों की जेलर 2? सुपरस्टार ने दिया जवाब
बादशाह और मेंटर पैराडॉक्स ने लुटाया प्यार
धड़कन के स्क्वॉड बॉस पैराडॉक्स ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि धड़कन को ट्रॉफी उठाते देखना एक गर्व का पल है. उन्होंने साबित कर दिया कि लगन और मेहनत से क्या कुछ हासिल किया जा सकता है. वहीं रैप सुप्रीमो बादशाह ने तारीफों के पुल बांधते हुए कहा,”हसल का हर सीजन नई और अनसुनी आवाजें सामने लाता है, लेकिन ‘हसल 5- अपना होमग्राउंड’ में धड़कन का सफर शुरुआत से ही लाजवाब रहा. 1 करोड़ रुपये और ट्रॉफी उनकी मेहनत का सही इनाम है. यह उनके बड़े करियर की महज एक शुरुआत है.”




