IND vs NZ: क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया पर मंडराया ‘लोकल’ खतरा, दूसरे टेस्ट में कर सकता है हालत खराब
क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट है, जहां टीम इंडिया पर लोकल खतरा मंडराता दिख रहा है. अब ये खतरा है क्या और कैसे ये दूसरे टेस्ट में बिगाड़ सकता है भारतीय टीम की हालत?
क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है. 27 नवंबर से शुरू हो रहे इस टेस्ट मैच में टीम इंडिया के लिए जीत बहुत ही ज्यादा जरूरी है. सिर्फ इसलिए नहीं कि सीरीज जीतनी है. बल्कि इसलिए भी ताकि जीत से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रहे. मगर इस डबल मकसद वाले मुकाबले में टीम इंडिया पर क्राइस्टचर्च में लोकल खतरा मंडराता दिख रहा है. डर इस बात का है कि उस लोकल खतरे के चलते दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की हालत खराब ना हो और जीत की सारी उम्मीद धराशायी हो जाए.
क्राइस्टचर्च में खतरा ‘लोकल’ है!
अब सवाल है कि क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया पर मंडराता लोकल खतरा है क्या? टीम इंडिया पर मंडराते उस लोकल खतरे का नाम है मैट हेनरी. जी हां, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जो कि क्राइस्टचर्च के लोकल बॉय हैं. टेस्ट क्रिकेट में 34 साल के इस तेज गेंदबाज का कहर क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल पर खूब बरपता दिखा है. ऐसे में संभावना है कि वो भारत की जीत का मिजाज बिगाड़ सकते हैं.
क्यों खतरनाक हैं लोकल बॉय हेनरी?
दाएं हाथ के पेसर मैट हेनरी ने क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल पर अब तक 8 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 23.32 की औसत से उन्होंने 40 विकेट अपने नाम किए हैं. उनके टेस्ट करियर का बेस्ट प्रदर्शन भी हैगले ओवल पर ही देखने को मिला है, जब उन्होंने साल 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 23 रन पर 7 विकेट चटकाए थे. इसके अलावा 7 विकेट लेने का एक और कारनामा उन्होंने हैगले ओवल पर साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी किया था.
मैट हेनरी के हैगले ओवल पर 40 में से 23 विकेट दो बड़ी टीमों- साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया- के खिलाफ मिलाकर ही है. उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट में 14 विकेट तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 टेस्ट में 9 विकेट लिए हैं. इसके अलावा इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 1-1 टेस्ट खेले और कुल मिलाकर 17 विकेट झटके.
क्राइस्टचर्च में पहली बार भारत और हेनरी आमने-सामने
साफ है कि भारत हैगले ओवल पर मैट हेनरी की चुनौती का सामना पहली बार करेगा. हैगले ओवल का इतिहास लोकल बॉय मैट हेनरी के साथ रहा है. ऐसे में उनके असर से टीम इंडिया को बचने की जरूरत है. ऐसा नहीं होने से दूसरे और आखिरी टेस्ट में बात बनने के बजाए बिगड़ सकती है. न्यूजीलैंड WTC फाइनल खेलने की भारत की उम्मीदों को क्राइस्टचर्च में ही ध्वस्त कर सकता है.




