अब पुरुष-महिला एक साथ खेलेंगे क्रिकेट, जहीर खान जर्मनी में लॉन्च करेंगे नई टी20 लीग
जहीर खान की कंपनी नई टी20 लीग लेकर आने वाली है जिसमें एक ही टीम में पुरुष और महिलाएं साथ में एक ही टीम में खेलेंगे. जानिए क्या है इसका फॉर्मेट
पुरुषों की टी20 लीग के बाद महिला टी20 लीग आई और अब एक ऐसी लीग लॉन्च हो रही है जिसमें पुरुष-महिला दोनों साथ में खेलेंगे. ये लीग शुरू करने वाले हैं भारत के पूर्व क्रिकेटर जहीर खान, जो क्रिकेट को नए मुकाम पर ले जाने की तैयारी में हैं. जहीर खान की स्पोर्ट्स कंपनी एंकर स्पोर्ट्स एबी ने जर्मन क्रिकेट फेडरेशन के साथ मिलकर एक प्रोफेशनल पुरुष महिला टी20 लीग शुरू करने का ऐलान किया है. इस लीग का पहला सीज़न अगस्त 2027 में जर्मनी में खेला जाएगा. ये टूर्नामेंट पुरुष और महिला क्रिकेटरों को एक ही प्लेइंग इलेवन में साथ लेकर आएगा, जो अपने आप में ही बेहद खास होगा.
लीग का क्या फॉर्मेट होगा?
इस लीग के पहले सीज़न में पांच टीमें हिस्सा लेंगी, जो कुल 12 टी20 मैच खेलेंगी. हर टीम में 18 खिलाड़ी होंगे. सबसे खास बात ये है कि हर प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी होंगे. लीग में साफ नियम, खिलाड़ियों की सुरक्षा के उपाय और सब्स्टीट्यूशन प्रोटोकॉल भी तय किए गए हैं.
क्रिकेट को नई पहचान
नागेंद्र सिद्दौतम के साथ एंकर स्पोर्ट्स के को-ओनर जहीर खान मानते हैं कि ये पहल क्रिकेट की पहुंच को बढ़ा सकती है, खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में इसकी काफी ज्यादा संभावना है. जहीर ने कहा, ‘क्रिकेट में लोगों को एक साथ लाने की ताकत है. इसका विकास, खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में, इस बात पर निर्भर करेगा कि हम खेल को व्यापक दर्शकों तक कितनी अच्छी तरह पहुंचा पाते हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ”EQUAL’ जैसी पहल इस दिशा में एक अहम कदम है, जो सभी लिंगों के लोगों को भाग लेने, योगदान देने और खेल के विकास का हिस्सा बनने का अवसर देती है.’
ओलंपिक और भविष्य
जहीर ने ये भी कहा कि 2028 ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी के साथ, खेल को नए समुदायों तक ले जाने और इसकी वैश्विक पहुंच का विस्तार करने का एक मौका है. उन्होंने बताया कि ‘EQUAL’ इसलिए भी खास है क्योंकि ये एक पुरुष और एक महिला क्रिकेटर को मैदान में एक साथ लाकर उन्हें एक दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने का मौका देता है. जर्मन क्रिकेट फेडरेशन के अध्यक्ष सेवेरिन वाइब ने कहा कि ये पहल मौजूदा क्रिकेट समुदायों को एक साथ लाएगी और भागीदारी के ज्यादा मौके पैदा करेगी.




