प्रो कबड्डी खेल चुके अंकित ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, 13 साल के खिलाड़ी से कुकर्म का था आरोप
Pro Kabaddi Player Ankit Suicide: प्रो कबड्डी में खेल चुके खिलाड़ी अंकित ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. अंकित पर कुछ दिन पहले एक 13 साल का खिलाड़ी के साथ कुकर्म का आरोप लगा था.
हरियाणा के सोनीपत जिले से एक काफी चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है. भैंसवाल गांव निवासी और प्रो कबड्डी में खेल चुके खिलाड़ी अंकित ने मोहाना रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही सोनीपत राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवाया. पुलिस की शुरुआती जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे एक काफी गंभीर आपराधिक मामले का खुलासा हुआ है.
13 साल के खिलाड़ी से कुकर्म का था आरोप
प्रो कबड्डी में खेल चुके खिलाड़ी अंकित ने हाल ही में एक खेल एकेडमी शुरू की थी, जहां वह युवाओं और बच्चों को कबड्डी की ट्रेनिंग देता था. लेकिन कुछ दिन पहले ही एक 13 साल का खिलाड़ी अंकित की एकेडमी में कोचिंग लेने के लिए जुड़ा था. आरोप है कि कोच अंकित ने उस नाबालिग खिलाड़ी के साथ कुकर्म किया. घटना के बाद डरे-सहमे खिलाड़ी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर गोहाना सदर थाने में अंकित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही अंकित भारी मानसिक तनाव में चल रहा था और इसी के चलते उसने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला खत्म कर ली. वहीं, गुरुवार को पुलिस ने पीड़ित किशोर का गोहाना के नागरिक अस्पताल में मेडिकल टेस्ट कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे आगे की जांच के लिए खानपुर स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.
तीसरी बार प्रो कबड्डी की तैयारी कर रहा था अंकित
मृतक अंकित के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि अंकित ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. परिजनों के मुताबिक, अंकित एक होनहार कबड्डी खिलाड़ी था, जो पहले भी दो बार प्रो कबड्डी लीग में खेल चुका था और अब तीसरी बार लीग में खेलने के लिए जोर-शोर से तैयारी कर रहा था. फिलहाल जीआरपी पुलिस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.




