IND vs NZ: 3 सेशन करेंगे वेलिंग्टन टेस्ट का फैसला, 5वें दिन न्यूजीलैंड के खिलाफ क्या होगी भारत की रणनीति?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंग्टन टेस्ट 5वें दिन में एंट्री ले चुका है. अब सवाल है 5वें दिन दोनों टीमों की रणनीति क्या होगी? भारत कैसे अपनी जीत की उम्मीदों को हकीकत में तब्दील करता दिखेगा?
वेलिंग्टन टेस्ट अब अपने 5वें और आखिरी दिन में एंट्री ले चुका है. चौथे दिन भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की, जो कि घर से बाहर खेले टेस्ट में उसका सबसे बड़ा स्कोर भी है. इतने बड़े स्कोर को बनाने के बाद उसे पहली पारी में न्यूजीलैंड पर 352 रन की बढ़त मिली. न्यूजीलैंड ने भी चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 119 रन बना लिए हैं और वो भारत के पहली पारी के स्कोर से अभी भी 233 रन पीछे है.
5वें दिन के 3 सेशन होंगे डिसाइडर
टेस्ट मैच में अब आखिरी यानी 5वें दिन का खेल बचा है, जिसके 3 सेशन इस मैच के नतीजे के लिए डिसाइडर साबित हो सकते हैं. अब सवाल है कि उन 3 सेशन में भारत और न्यूजीलैंड की रणनीति क्या होगी? फिलहाल जहां मैच खड़ा है, वहां से भारत का पलड़ा बहुत भारी दिख रहा है. मतलब उसके जीत के आसार प्रबल हैं.
न्यूजीलैंड की रणनीति
न्यूजीलैंड को भारत को दूसरी पारी खिलाने, उसके सामने टारगेट रखने के लिए अभी भी 233 और बनाने हैं. उसके बाद ही कुछ हो पाएगा. जाहिर है ये काम मुश्किल है. ऐसे में 5वें दिन न्यूजीलैंड की कोशिश टेस्ट मैच को ड्रॉ की तरफ ले जाने की होगी. मतलब वो डिफेंसिव अप्रोच अपना सकता है.
भारत की रणनीति
भारत की बात करें तो वो पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपना सकता है. भारत की कोशिश दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के बाकी बचे 8 विकेटों को जल्दी समेटने की होगी. वो 233 रन के अंदर ही ऐसा करना चाहेगा ताकि पारी के अंतर से जीत की स्क्रिप्ट लिख सके. इस रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए भारत को न्यूजीलैंड को पार्टनरशिप करने से रोकना होगा और तीनों सेशन को अपने नाम करना होगा.
चौथे दिन के खेल में क्या हुआ?
इससे पहले चौथे दिन भारत ने अपने तीसरे दिन के स्कोर 4 विकेट पर 486 रन से आगे खेलना शुरू किया था. चौथे दिन भारत की बल्लेबाजी एक बार फिर सुर्खियों में रही. ऋषभ पंत ने अपनी 9वीं टेस्ट सेंचुरी जड़ी. उन्होंने 128 रन बनाए. इस पारी के दौरान उन्होंने अंशुल कंबोज और ध्रुव जुरेल के साथ अर्धशतकीय साझेदारियां की. ध्रुव जुरेल ने भी शानदार अर्धशतक जड़ा.
चौथे दिन भारत की गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह दूसरी पारी में भी न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को अपने पहले ही ओवर में आउट करते दिखे. लैथम एक बार फिर खाता नहीं खोल पाए. उसके बाद हेनरी निकल्स, जिन्होंने पहली पारी में शतक लगाया था, बड़ी पारी खेली थी, वो 31 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट किया.




