रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर के बाद नुसरत भरूचा ने दिया पहला हेल्थ अपडेट, बोलीं- पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त
Nushrat Bharucha: नुसरत भरूचा का हाल ही में एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था. अब एक्ट्रेस ने अपना एक फोटो शेयर कर बताया कि उनकी हेल्थ कैसी है?
Nushrat Bharucha: बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा का हाल ही में बाली में एक्सीडेंट हो गया था. जिसकी वजह से उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गई. सर्जरी के लिए एक्ट्रेस को बाली से एयर एम्बुलेंस से मुबंई लाया गया था. इसके बाद से फैंस काफी परेशान हैं और एक्ट्रेस जानना चाहते हैं कि एक्ट्रेस की तबीयत अब कैसी है? इस बीच नुसरत भरूचा ने अपना पहला हेल्थ अपडेट शेयर किया है. शनिवार को उन्होंने अस्पताल के कमरे से एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनकी रिकवरी की झलक देखने को मिली है.
नुसरत की इंस्टाग्राम स्टोरी में एक बड़ी खिड़की के पास खाली रिक्लाइनिंग व्हीलचेयर नजर आ रही है. खिड़की के बाहर सूरज डूबता दिखाई दे रहा है. एक्ट्रेस ने अपने इलाज के बारे में विस्तार से कुछ बताने के बजाय एक छोटा-सा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने हादसे के बाद जिंदगी को देखने का अपना नजरिया बयां किया. नुसरत ने लिखा, मैं हमेशा से सनसेट के पीछे भागती रही हूं और अचानक मेरा नजरिया ही बदल गया. लेकिन पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त.
बाली में नुसरत की रीढ़ की हड्डी में हुआ था फ्रैक्चर
नुसरत भरूचा काम के सिलसिले में बाली गई थीं. बाद में उनका यह ट्रिप काम के साथ छुट्टियों में भी बदल गया. इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया. इसके बाद उनकी टीम ने बताया था कि एक्ट्रेस की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है और उन्हें बाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर रख रहे थे. उनकी पब्लिसिस्ट की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया था कि डॉक्टर नुसरत की स्थिति का आकलन कर रहे हैं. साथ ही, उन्हें आगे के इलाज के लिए भारत वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है.

उनकी टीम ने कहा था, फिलहाल हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता उनकी सेहत है और यह सुनिश्चित करना है कि उन्हें जरूरी मेडिकल केयर मिले. टीम ने एक्ट्रेस की रिकवरी के दौरान उनकी निजता का सम्मान करने की भी अपील की थी. हालांकि, नुसरत की रीढ़ की हड्डी में हुए फ्रैक्चर की प्रकृति और उसकी गंभीरता के बारे में अभी तक सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.
एयर एंबुलेंस से मुंबई लाई गई थीं नुसरत
शुरुआती इलाज और विदेश में उनकी हालत स्थिर होने के बाद नुसरत को 2 अक्टूबर को एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाया गया था. इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. इससे पहले उनकी पब्लिसिस्ट ने बताया था कि डॉक्टरों की जांच के बाद नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी. फिलहाल, उनकी सर्जरी हुई है या नहीं और उन्हें अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है.




