भारत को जिताया U19 वर्ल्ड कप, IPL का भी रहा हिस्सा, अब 32 की उम्र में किया संन्यास का ऐलान
Baba Aparajith Retires: तमिलनाडु के दिग्गज ऑलराउंडर बाबा अपराजित ने संन्यास का ऐलान कर दिया है. वो अब कोचिंग की भूमिका में उतरने के लिए तैयार हैं. उनका करियर काफी शानदार रहा.
Baba Aparajith Retires: तमिलनाडु के दिग्गज ऑलराउंडर बाबा अपराजित ने अपने प्रोफेशनल क्रिकेट करियर पर विराम लगाते हुए संन्यास का ऐलान कर दिया है. 32 साल के इस खिलाड़ी ने अपने करियर में 102 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले और इंडिया-ए का भी प्रतिनिधित्व किया. पिछले दो सालों से अपराजित घरेलू क्रिकेट में केरल की टीम की ओर से खेल रहे थे. बाबा अपराजित ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करके संन्यास का ऐलान किया.
2012 में जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब
बाबा अपराजित साल 2012 में ऑस्ट्रेलिया में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य थे. उस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में अपराजित भारत के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे, जहां उन्होंने 171 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी 5 विकेट झटके थे. वहीं, आईपीएल में वो चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के स्क्वाड का हिस्सा तो रहे, लेकिन उन्हें कभी प्लेइंग इलेवन में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका.
View this post on Instagram
तमिलनाडु की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे
दाएं हाथ के बल्लेबाज अपराजित एक दशक से ज्यादा समय तक तमिलनाडु की बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ बने रहे और रणजी ट्रॉफी में राज्य की टीम की कप्तानी भी की. अपने फर्स्ट क्लास करियर में उन्होंने 39.68 की औसत और 12 शतकों की मदद से 5199 रन बनाए. वहीं, अपने जुड़वां भाई बाबा इंद्रजीत के साथ मिलकर उन्होंने तमिलनाडु के लिए कई यादगार साझेदारियां निभाईं.
इसके अलावा वो ऑफ-स्पिनर भी थे, जो गेंदबाजी करते हुए टीम को अहम मौकों पर सफलता दिलाते थे. वो तमिलनाडु की विजय हजारे ट्रॉफी (2017) और दो बार की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (2020-21 और 2021-22) विजेता टीम के भी सदस्य रहे. संन्यास के मौके पर अपराजित ने कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतना उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक था, साथ ही तमिलनाडु के लिए खिताब जीतना और मुश्किल परिस्थितियों में योगदान देना उनके लिए काफी खास रहा. खेल को अलविदा कहने के बाद बाबा अपराजित अब कोचिंग की भूमिका में उतरने के लिए तैयार हैं. वो पहले ही बीसीसीआई का लेवल-2 कोचिंग सर्टिफिकेशन पूरा कर चुके हैं.




