WBBL: बल्लेबाज के शॉट मारने पर ‘बैन’, बिना गेंद खेले होना पड़ा बोल्ड, क्रिकेट का सबसे अनोखा नियम

WBBL: बल्लेबाज के शॉट मारने पर ‘बैन’, बिना गेंद खेले होना पड़ा बोल्ड, क्रिकेट का सबसे अनोखा नियम

Women's Big Bash League 2026: महिला बिग बैश लीग 2026 के 33वें मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स विमेन की बल्लेबाज डिएंड्रा डॉटिन बिना खेले आउट हो गईं. वो नए नियम फ्री बॉल एट स्टंप्स का शिकार बनीं.

Women’s Big Bash League 2026: महिला बिग बैश लीग में ब्रिस्बेन हीट विमेन और मेलबर्न रेनेगेड्स विमेन के बीच खेले गए मैच में क्रिकेट के मैदान का एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला. मेलबर्न रेनेगेड्स विमेन की पारी के 15वें ओवर के दौरान वेस्टइंडीज की दिग्गज ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन तय समय से देरी से क्रीज पर पहुंचीं, जिसके बाद गेंदबाज सारा ग्लेन को खाली स्टंप्स पर गेंद डालने का मिला और डॉटिन बिना कोई गेंद खेले ही बोल्ड होकर पवेलियन लौट गईं.

75 सेकंड के अंदर क्रीज पर नहीं पहुंच पाईं डींड्रा डॉटिन

यह पूरी घटना मेलबर्न रेनेगेड्स की पारी के 15वें ओवर में घटी, जब विकेट गिरने के बाद नई बल्लेबाज के रूप में डिएंड्रा डॉटिन बल्लेबाजी करने उतरीं. महिला बिग बैश लीग के नियमों के मुताबिक, नए बल्लेबाज को तय समय के अंदर गार्ड लेकर पहली गेंद खेलने के लिए तैयार होना पड़ता है, लेकिन डॉटिन ने क्रीज तक पहुंचने में 75 सेकंड से ज्यादा का समय ले लिया.

समय सीमा खत्म होने के कारण मैदानी अंपायरों ने टूर्नामेंट के नियम को लागू किया, जिसके तहत डॉटिन को पिच के किनारे हटना पड़ा और इंग्लैंड की लेग स्पिनर सारा ग्लेन को बिना किसी बल्लेबाज के सीधे स्टंप्स पर गेंद फेंकने की इजाजत मिल गई. सारा ग्लेन ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए सटीक निशाना साधा और गेंद सीधे जाकर स्टंप्स से जा टकराई. इस तरह डिएंड्रा डॉटिन अपनी पारी की पहली गेंद खेले बिना ही आउट करार दी गईं.

क्या है WBBL का यह ‘फ्री बॉल एट स्टंप्स’ नियम?

इंटरनेशनल क्रिकेट के टाइम्ड आउट नियम से अलग, महिला बिग बैश लीग में खेल की गति बनाए रखने के लिए यह खास नियम बनाया गया है. इस नियम के तहत किसी विकेट के गिरने या बल्लेबाज के रिटायर होने के बाद आने वाले नए बल्लेबाज के पास क्रीज पर पहुंचने और अपनी पहली गेंद का सामना करने को तैयार होने के लिए 75 सेकंड का समय होता है. अगर बल्लेबाज 75 सेकंड के अंदर अपनी पोजीशन लेने में विफल रहता है, तो उसे सीधे तौर पर आउट नहीं दिया जाता, बल्कि बल्लेबाज को पिच के किनारे हटना पड़ता है.

अगर गेंदबाज की गेंद सीधे स्टंप्स पर लग जाती है, तो बल्लेबाज को आउट मान लिया जाता है. वहीं,अगर गेंदबाज स्टंप्स पर निशाना चूक जाता है, तो उस गेंद को डॉट बॉल गिना जाता है और बल्लेबाज को क्रीज पर गार्ड लेकर अपनी पारी शुरू करने की इजाजत दे दी जाती है.

मोहिद खान
मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More