वैभव सूर्यवंशी के कोच ने गौतम गंभीर को कहा- क्या आप सुन रहे हैं? बेंच पर बैठकर कोई खिलाड़ी नहीं सीखता
वैभव सूर्यवंशी के दोहरे शतक के बाद उनके बचपन के कोच मनीष ओझा ने इशारों ही इशारों में फिर गौतम गंभीर पर निशाना साधा है.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट वर्ल्ड को हैरान कर दिया है. उन्होंने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ सिर्फ 53 गेंदों पर 204 रन बनाकर दोहरा शतक जड़ा, जिसमें 28 छक्के शामिल थे. ये लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक है, जो पिछले रिकॉर्ड से पूरे 51 गेंद पहले बना. वैभव ने अपनी पारी में सिर्फ 28 गेंदों में शतक पूरा किया और 52 गेंदों में दोहरा शतक लगा दिया. इस पारी के बाद वैभव के बचपन के कोच मनीष ओझा ने इशारों ही इशारों में गौतम गंभीर पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी को बेंच पर बैठाकर रखना सही नहीं है क्योंकि बेंच पर बैठकर कोई खिलाड़ी नहीं सीखता.
‘बेंच पर कोई नहीं सीखता’
वैभव सूर्यवंशी के बचपन के कोच मनीष ओझा का मानना है कि सूर्यवंशी को मैदान पर ही सीखने का मौका मिलना चाहिए. ओझा ने इंडियाटुडे.इन को बताया, ‘वैभव ने आज का मैच खेला और ये प्रदर्शन इसलिए दिया क्योंकि वो मैदान पर था. उसने ये बेंच पर बैठकर नहीं किया.’ उन्होंने जोड़ा, ‘एक खिलाड़ी मैदान पर कदम रखकर, स्थितियों का सामना करके, चुनौतियों से निपटकर और उन पर काबू पाकर ही सीखता है. अनुभव ऐसे ही विकसित होता है. बेंच पर बैठकर किसी ने कभी अनुभव विकसित नहीं किया है, और न ही कोई करेगा. कोई भी खिलाड़ी केवल किनारे पर रहकर बेहतर क्रिकेटर नहीं बना है.’
गंभीर की सोच और मौके
सूर्यवंशी ने जून में आयरलैंड दौरे के लिए टी20 टीम में जगह बनाई थी, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने को नहीं मिला. जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने टी20I डेब्यू किया, लेकिन उसके बाद से उन्हें 26 में से सिर्फ 11 मैचों में ही खेलने का मौका मिला है. जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता था, जहां उन्होंने 196.10 के स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए थे. लेकिन उसके बाद फिर मौके कम हो गए. अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में उन्हें बाहर बैठना पड़ा. न्यूजीलैंड में उन्हें सिर्फ दो मैचों में मौका मिला.
गंभीर ने सितंबर में अफगानिस्तान सीरीज से पहले कहा था कि सूर्यवंशी को इंतजार करना होगा क्योंकि जो खिलाड़ी लंबे समय से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, वे प्राथमिकता के हकदार हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद वैभव से इस बारे में बात की थी.
‘वो रिकॉर्ड ब्रेकर है’
भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने भी इस बात पर सवाल उठाया है कि सूर्यवंशी को ‘तैयार’ करने पर इतना जोर क्यों दिया जा रहा है. कैफ ने कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में मौके नहीं मिल रहे हैं. वे कहते हैं कि वो सिर्फ 15 साल का है, बहुत छोटा है, और उसे तैयार किया जा रहा है. लेकिन मैं आपको बता दूं कि इस लड़के ने पहले ही क्या हासिल कर लिया है. वो एक रिकॉर्ड ब्रेकर है.’ ओपनिंग के लिए तीन विकल्प हैं: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और सूर्यवंशी. अभिषेक ने 26 मैचों में 830 रन बनाए हैं, औसत 31.92 और स्ट्राइक रेट 207.50 है. संजू ने 17 मैचों में 416 रन बनाए हैं, औसत 24.47 और स्ट्राइक रेट 169.10 है. वोीं, सूर्यवंशी ने 9 पारियों में 291 रन बनाए हैं, औसत 32.33 और स्ट्राइक रेट 192.71 है. सूर्यवंशी का औसत सबसे ज्यादा है और स्ट्राइक रेट भी काफी करीब है. जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने खुद को साबित किया है. ऐसे में सवाल उठता है कि उन्हें लगातार मौके क्यों नहीं मिल पा रहे हैं.
‘वो टीम के लिए स्ट्राइक प्लेयर है’
कोच मनीष ओझा ये नहीं कह रहे कि सूर्यवंशी हर मैच खेलें, लेकिन वो चाहते हैं कि टीम मैनेजमेंट उन्हें कुछ मैचों की सीरीज में लगातार मौके दे. ओझा ने कहा, ‘भारत ने हाल के दिनों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, और मैं ये मानता हूं. लेकिन वैभव को पांच मैचों की सीरीज में मौके मिलने चाहिए. उसे कम से कम दो या तीन मैच खेलने चाहिए. और अगर वो एक पारी में अच्छा प्रदर्शन करता है, तो उसे अगले मैच में निश्चित तौर पर एक और मौका मिलना चाहिए.’ उन्होंने आगे कहा, ‘उसे एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. उसकी बल्लेबाजी और उसके प्रदर्शन को देखें. वो टीम के लिए एक स्ट्राइक प्लेयर है. जिस दिन वो खेलता है, विरोधी टीम घुटनों पर आ सकती है.’




