सैंडपेपर कांड: बेनक्रॉफ्ट के खुलासे के बाद फंस गए पैट कमिंस, घर को मीडिया ने घेरा, भड़क गए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान

सैंडपेपर कांड: बेनक्रॉफ्ट के खुलासे के बाद फंस गए पैट कमिंस, घर को मीडिया ने घेरा, भड़क गए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान

पैट कमिंस सैंडपेपर कांड में अब और फंसते नजर आ रहे हैं. इस मामले में दोषी पाए जाने वाले क्रिकेटर कैमरन बेनक्रॉफ्ट ने कमिंस का नाम भी ले लिया है.

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को अपने घर के बाहर मीडिया के भारी जमावड़े का सामना करना पड़ा. सैंडपेपरगेट विवाद फिर से सामने आने के बाद गुरुवार को पत्रकार उनसे जवाब मांगने के लिए टूट पड़े, जिस पर कमिंस एक रिपोर्टर पर भड़क गए. कमिंस ने इस विवाद से जुड़े सवालों को ये कहते हुए टाल दिया कि उन्हें ट्रेनिंग के लिए जाना था. जब चैनल 7 के एक रिपोर्टर ने उन्हें परेशान करने के लिए माफी मांगी, तो ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने तीखा जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘शायद आपको इतना पछतावा नहीं है.’ इसके बाद कमिंस ने फिर अपनी पत्नी बेकी को गले लगाया और पत्रकारों के झुंड को पीछे छोड़ते हुए चले गए.

बेनक्रॉफ्ट के नए खुलासे

ये सब कैमरन बेनक्रॉफ्ट के 2018 के बॉल टैंपरिंग कांड के ‘विस्फोटक’ खुलासे के बाद हुआ है. बेनक्रॉफ्ट ने कहा कि वो इस मामले का बोझ सालों से ढो रहे थे और अब इस बारे में बात करके उन्हें ‘सचमुच आजादी’ महसूस हो रही है. बेनक्रॉफ्ट ने 9न्यूज पर्थ से बात करते हुए बताया, ‘जाहिर है, मैं लंबे समय से बहुत कुछ अपने अंदर समेटे हुए था.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे सचमुच आजादी और खुशी महसूस हो रही है कि मैं ऐसा कर पाया. अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक प्रक्रिया शुरू की है… मैं उसका हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं.’

कमिंस पर फिर उठे सवाल

कमिंस पहले ही इस बहस के सेंटर में थे जब उस्मान ख्वाजा ने दावा किया था कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को सैंडपेपर योजना के बारे में पता था. पिछले हफ्ते एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने इस सुझाव को ‘पूरी तरह बकवास’ कहकर जोरदार ढंग से खारिज कर दिया था. कमिंस ने कहा था, ‘जब वो कहते हैं कि हम सब जानते थे, अगर उनका मतलब ये है कि हम जानते थे कि सैंडपेपर मैदान पर जा रहा था, तो वो 100 प्रतिशत गलत हैं. मैंने पिछले आठ सालों से लगातार यही कहा है. मुझे नहीं पता था कि ऐसा हो रहा था.’ उन्होंने ख्वाजा पर अपने पूर्व साथियों के मान-सम्मान के साथ लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया था. कमिंस ने कहा था कि वो सैंडपेपरगेट के बारे में फिर कभी बात नहीं करना चाहते. लेकिन ख्वाजा के आरोपों और बेनक्रॉफ्ट के बयान के बाद अब वो इसमें और फंसते नजर आ रहे हैं.

अनूप देव सिंह
अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More