‘सैंडपेपरगेट’ के बीच खुली पाकिस्तान की पोल, शोएब अख्तर ने बताया कैसे करते थे बॉल टेंपरिंग?

‘सैंडपेपरगेट’ के बीच खुली पाकिस्तान की पोल, शोएब अख्तर ने बताया कैसे करते थे बॉल टेंपरिंग?

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को हिलाकर रखने वाला सैंडपेपर विवाद फिर से सुर्खियों में है, जिसके चलते बॉल टेंपरिंग का मुद्दा फिर छाया हुआ है. इसी विवाद के बीच शोएब अख्तर ने ये खुलासा किया है.

ठीक साढ़े 8 साल पहले ऑस्ट्रेलिया समेत विश्व क्रिकेट को हिलाकर रखने वाला ‘सैंडपेपरगेट’ फिर से सुर्खियों में है. एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में इस विवाद के कारण बवंडर उठ गया है. पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की किताब में हुए खुलासे के बाद ये बवाल फिर चर्चा में आ गया और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस समेत पूरी टीम को कठघरे में खड़ा कर दिया है. इस बवाल के बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने तो पाकिस्तानी टीम की ही पोल खोल दी और कहा है कि वहां भी ‘बॉल टेंपरिंग’ होती रही है.

कैसे बॉल टेंपरिंग करती थी पाकिस्तानी टीम?

पिछले कई दिनों से ये विवाद क्रिकेट जगत की पहली सुर्खी बना हुआ है. ऐसे में हर तरफ इसकी ही चर्चा हो रही है. इसी बीच विजडन क्रिकेट के ‘द स्कूप’ पॉडकास्ट में शोएब अख्तर ने इस मामले पर अपनी राय रखी और खुलासा किया कि पाकिस्तानी गेंदबाज कैसे गेंद से छेड़छाड करते थे. पूर्व पाकिस्तानी पेसर ने कहा, “तुम (उस्मान ख्वाजा) इतना हंगामा क्यों कर रहे हो? मुझे लगता है कि इससे उनके (ऑस्ट्रेलिया) क्रिकेट को नुकसान होगा. हमारे क्रिकेट को भी नुकसान हुआ था. हम सैंडपेपर नहीं, बोतल के ढक्कन इस्तेमाल करते थे.”

अख्तर ने ख्वाजा पर ही सवाल खड़े करते हुए आगे कहा, “हम गेंदें बदलते थे और बाकी सब कुछ भी करते थे. ठीक है, आप सच के साथ सामने आएं, और बस इतना ही, लेकिन इसका इतना बड़ा मुद्दा न बनाएं. मेरे पास भी अपने पुराने साथियों के बारे में बहुत कुछ कहने को है, लेकिन मैं नहीं कहूंगा. मैं उन्हें मुश्किल में नहीं डाल सकता. मैं उस्मान के साथ हूं लेकिन मेरे पास अपने पुराने टीम के साथियों के बारे में बहुत कुछ कहने को है कि उन्होंने क्या गलत किया है.”

‘एक-दो खिलाड़ियों का काम नहीं’

वहीं अख्तर ने पैट कमिंस समेत ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के उन दावों को भी खारिज कर दिया कि ऐसी हरकतों के बारे में टीम को पता नहीं होता. अख्तर ने साफ कहा, “ये कुछ खिलाड़ियों का फैसला नहीं हो सकता. मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है. लेकिन हम क्रिकेट की गेंदों के साथ खेलते थे, और मैंने सब कुछ किया. लेकिन पूरी टीम जानती थी. क्योंकि अगर आप गेंद को रिवर्स स्विंग नहीं कराएंगे, तो आप मैच नहीं जीत पाएंगे. उन्होंने जो किया वह गलत था; ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जो किया वह गलत था. पर इसका समय इससे बेहतर हो सकता था.”

आठ साल बाद फिर क्यों मचा बवाल?

मार्च 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर केपटाउन टेस्ट मैच के दौरान ये घटना हुई थी. तब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैंक्रॉफ्ट फील्डिंग के दौरान गेंद पर सैंडपेपर लगाते हुए कैमरा पर पकड़े गए थे. वो ऐसा इसलिए कर रहे थे, ताकि गेंद को जल्दी पुराना किया जा सके और तेज गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग मिले. इसके बाद तब के ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और बैंक्रॉफ्ट पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक साल का बैन लगाया था.

अब इतने सालों बाद ख्वाजा की किताब ‘सब्र’ में हुए खुलासे ने इस विवाद को जिंदा कर दिया है. इसके जवाब में पैट कमिंस ने एक घंटे से भी ज्यादा लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब में किए दावों को खारिज करते हुए अपनी पुरानी बात को दोहराया कि उन्हें या गेंदबाजों को इसकी जानकारी नहीं थी. कमिंस के इस बयान के बाद ही बैनक्रॉफ्ट ने भी विस्फोटक खुलासा करते हुए ख्वाजा को सही बताया और कहा कि सिर्फ तीन खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि और भी कई लोग सैंडपेपर का इस्तेमाल करके बॉल टेंपरिंग के बारे में जानते थे.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More