पाकिस्तानी गेंदबाजों ने पार की सारी हदें, 2026 में की 100 से ज्यादा नो-बॉल, टीम इंडिया का ऐसा हाल
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने कुल 16 नो-बॉल कर दीं. मगर ये सिर्फ इस मैच का नहीं बल्कि पूरे साल का हाल है, जहां पाकिस्तान की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा नो-बॉल हुईं.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टेस्ट क्रिकेट में पिछले कुछ सालों में ज्यादा सफलता नहीं मिली है. यहां तक कि पाकिस्तानी टीम को अपने घर में ही बांग्लादेश के हाथों टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है, जबकि वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में भी टीम पस्त रही है. पाकिस्तान की ऐसी हालत की कई वजहें हैं और इसमें अनुशासन भी एक है. पाकिस्तानी खिलाड़ियों में अनुशासन की कमी हमेशा से रही है लेकिन जैसी अनुशासनहीनता 2026 में गेंदबाजों ने दिखाई है वो चौंकाने वाली है. पाकिस्तान के गेंदबाजों ने 2026 में सबसे ज्यादा नो-बॉल की हैं.
रावलपिंडी में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन पाकिस्तानी गेंदबाजों की इस हालत का सच सामने आया. असल में पिंडी क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे टेस्ट सीरीज के तीनों दिन पाकिस्तानी गेंदबाजों ने जितनी भी गेंदबाजी की, उसमें उन्होंने नो-बॉल की झड़ी लगा दी. श्रीलंका की पहली पारी के दौरान पाकिस्तान ने सिर्फ 35.3 ओवर में ही 8 नो-बॉल कर दी. वहीं दूसरी पारी खत्म होने से पहले 93 ओवर में भी 8 नो-बॉल की.
पाकिस्तानी गेंदबाजों की ये परेशानी सिर्फ इस टेस्ट मैच में नहीं दिखी, बल्कि पहले टेस्ट में भी यही हाल था. उस मैच में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने एक पारी में ही गेंदबाजी की थी और इसमें 117.2 ओवर में 12 नो-बॉल कर दी. यानि इस सीरीज की 3 पारियों में ही पाकिस्तानी गेंदबाजों ने 28 नो-बॉल की हैं. इसमें भी सबसे ज्यादा बार ये गलती युवा तेज गेंदबाज रेजाउल्लाह ने की है. उन्होंने दोनों टेस्ट की 3 पारियों में अब तक कुल 14 नो-बॉल की हैं.
यही कारण है कि 2026 में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा नो-बॉल पाकिस्तान के खाते में ही हैं. आंकड़े बताते हैं कि इस साल अब तक पाकिस्तान ने 9 टेस्ट मैच में ही 109 नो-बॉल की हैं. ये आंकड़ा कितना बड़ा और कितनी अनुशासनहीनता है, वो इससे समझ आता है कि दूसरे नंबर पर मौजूद बांग्लादेश ने बिल्कुल आधी यानि 54 नो-बॉल की हैं. जाहिर तौर पर पाकिस्तानी गेंदबाजों की इन गलतियों की सजा ही टीम को भी मिल रही है.
जहां तक भारतीय टीम की बात है तो अनुशासन की कमी कुछ यहां भी नजर आती है. न्यूजीलैंड दौरे पर पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने 82 ओवर की गेंदबाजी की और इसमें 6 नो-बॉल कीं. इससे पहले श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट मैच की 4 पारियों में भारत की ओर से 20 नो-बॉल की गईं. वहीं उससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच में 2 पारियों में कुल 4 नो-बॉल की गईं. इस तरह 2026 में भारत की ओर से अभी तक 30 नो-बॉल की गई हैं.




