पैट कमिंस की जाएगी कप्तानी? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया जवाब

पैट कमिंस की जाएगी कप्तानी? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया जवाब

कैमरन बैनक्रॉफ्ट के आरोपों के बावजूद पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान बने रहेंगे. उन्होंने ये आरोप लगाया था कि पैट कमिंस भी सैंडपेपर कांड में शामिल थे.

पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान बने रहना चाहते हैं, भले ही सैंडपेपरगेट विवाद में नए आरोपों के बाद उन पर दबाव बढ़ रहा हो. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने भी साफ कर दिया है कि वो अपने तेज गेंदबाज कप्तान का सार्वजनिक रूप से समर्थन करेगा. सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कमिंस ने CA के वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी सोच बता दी है. ये सब तब हो रहा है जब कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने 2018 के बॉल टेम्परिंग कांड पर एक नया बयान जारी किया है. बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि केप टाउन टेस्ट के दौरान सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी सिर्फ तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को इसके बारे में पता था.

कमिंस लगातार कहते रहे हैं कि उन्हें केप टाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में नहीं पता था. हालांकि, पिछले हफ्ते उनकी 68 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस, जिसमें उन्होंने उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ के दावों को सीधे चुनौती दी थी और जोर देकर कहा था कि गेंदबाजों को योजना के बारे में नहीं पता था, ने इस विवाद को फिर से हवा दे दी. बैनक्रॉफ्ट ने बाद में कहा कि कमिंस की सार्वजनिक प्रतिक्रिया ही वो आखिरी वजह थी जिसने उन्हें 2018 में रोके गए विवरणों को बताने के लिए प्रेरित किया.

पूर्व खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन ने कमिंस की स्थिति पर सबसे तीखी टिप्पणी की है. उन्होंने ‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ में लिखा, ‘कमिंस पर अब बहुत दबाव है. मुझे लगता है कि वो अभी भी अपनी बात और 2021 में सभी गेंदबाजों के साथ दिए गए अपने बयान पर कायम रहने की कोशिश करेंगे. लेकिन मुझे लगता है कि टेस्ट कप्तान के रूप में कमिंस को पद छोड़ने के लिए सार्वजनिक दबाव बहुत ज्यादा होगा. मुझे नहीं लगता कि उनकी कप्तानी और उनकी व्यक्तिगत छवि इससे बच पाएगी.’

पूर्व न्यूजीलैंड के कप्तान साइमन डूल ने भी कमिंस के भविष्य पर सवाल उठाया है. उन्होंने चल रहे भारत न्यूजीलैंड टेस्ट मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए कहा कि वो निश्चित नहीं हैं कि कमिंस इन नए आरोपों के बाद कैसे टिक पाएंगे.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का रुख

हालांकि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन ने कमिंस की कप्तानी का समर्थन किया है. ACA के मुख्य कार्यकारी पॉल मार्श ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को बताया कि अगर इस विवाद के कारण 32 साल के कमिंस को कप्तानी छोड़नी पड़ती है तो ये शर्म की बात होगी. मार्श ने कहा, ‘मेरा मानना है कि मामला येां तक नहीं पहुंचेगा.’ उन्होंने ये भी जोड़ा कि सार्वजनिक बहस में 2018 की घटनाओं को आज के मानकों से आंकने का जोखिम है.

अनूप देव सिंह
अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More