IND A vs NEP: वैभव सूर्यवंशी का बल्ला भी नहीं उगल सका आग, इस गेंदबाज ने किया क्लीन बोल्ड
राइजिंग स्टार एशिया कप के पहले मैच में इंडिया ए का सामना नेपाल से था लेकिन टी20 क्रिकेट के धुरंधर भारतीय सितारे अच्छा आगाज करने में नाकाम रहे.
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारतीय फैंस को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाजों से धमाकेदार बैटिंग की उम्मीद थी. मगर टूर्नामेंट के अपने पहले ही मैच में भारतीय सितारों ने निराश किया. नेपाल के खिलाफ पहले बैटिंग कर रही इंडिया ए के दोनों विस्फोटक ओपनर सस्ते में निपट गए. अभिषेक तो सिर्फ 9 रन बना सके लेकिन वैभव सूर्यवंशी काफी देर तक क्रीज पर टिकने के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल पाए.
दोहा में शुरू हुए राइजिंग स्टार्स एशिया कप के पहले मैच में इंडिया ए की शुरुआत धीमी रही. वैभव और अभिषेक से जितनी तूफानी बैटिंग की उम्मीद थी, वो नहीं हो सका. स्थिति ये थी कि 5 ओवर तक भारत का स्कोर 29 रन था. इसी वक्त अभिषेक आउट हो गए और टीम इंडिया को बड़ा झटका लग गया. मगर वैभव उस वक्त भी क्रीज पर मौजूद थे और उम्मीद थी कि वो अपना टी20 वाला अंदाज दिखाएंगे. मगर ऐसा नहीं हो सका.
कुछ बड़े शॉट, फिर क्लीन बोल्ड
वैभव ने हालांकि 3-4 अच्छे शॉट जमाए और बाउंड्री बटोरी. इसमें एक बेहतरीन छक्का पांचवें ओवर में आया, जब उन्होंने स्ट्रेट बाउंड्री की ओर ऊंचा शॉट खेला और 6 रन हासिल किए. वहीं स्पिनर के खिलाफ एक कट शॉट पर उन्हें 4 रन मिले. मगर जिस स्पिनर पर उन्होंने ये चौका जमाया, कुछ देर बाद उसने अपना बदला ले लिया.
11वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्पिनर पवन सर्राफ ने वैभव को एक तेज और लंबी गेंद की. वैभव ने कदमों का इस्तेमाल करते हुए शॉट जमाने की कोशिश की लेकिन रफ्तार से मात खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए. इस तरह वैभव 32 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था, जबकि भारत ने 42 के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवा दिया.
नहीं चला इंडिया ए का टॉप ऑर्डर
इससे पहले अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए. वो छठे ओवर में ही पवेलियन लौट गए, जब एक छक्का लगाने की कोशिश में वो गेंद को ऊंचा खेल बैठे और कैच आउट हो गए. उनके जाने के बाद क्रीज पर उतरे आयुष बडोनी भी तुरंत ही पवेलियन लौट गए. वैभव की तरह उन्हें भी एक स्पिनर ने ही अपना शिकार बनाया और स्टंप आउट हो गए.




