Koffee With Karan season 9: ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ के सेट पर सलमान खान की वजह से क्यों रो पड़ी थीं करिश्मा कपूर?
Koffee With Karan season 9: कॉफी विद करण के सीजन 9 की फाइनली शुरुआत हो चुकी है. इस सीजन के पहले एपिसोड में सलमान खान आए और उनके साथ करिश्मा कपूर भी दिखीं. जहां दोनों ने एक किस्सा सुनाया.
Koffee With Karan season 9: बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर और विवादित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ की आखिरकार धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है. शो के पहले ही एपिसोड ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. क्योंकि इस बार करण जौहर के कॉफी काउच पर बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान और एवरग्रीन एक्ट्रेस करिश्मा कपूर एक साथ गेस्ट बनकर पहुंचे. दोनों को एक मंच पर देखना फैन्स के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं था. सलमान खान और करिश्मा कपूर की जोड़ी 90 के दशक की सबसे ब्लॉकबस्टर और पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती है. दोनों ने साथ मिलकर बड़े पर्दे पर कई सुपरहिट फिल्में और सदाबहार गाने दिए हैं, जो आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं. पर क्यों सलमान खान की वजह से करिश्मा कपूर रोने लग गई थीं?
‘कॉफी विद करण’ इस ओपनिंग एपिसोड में सलमान और करिश्मा ने अपनी पुरानी फिल्म और शूटिंग के दिनों के अनसुने किस्से शेयर किए. शो में करिश्मा ने बताया कि एक बार सलमान ने उनके साथ ऐसा मजाक किया कि वह रो पड़ीं.
क्यों सलमान खान की वजह से रोईं करिश्मा?
करण जौहर के शो में करिश्मा कपूर ने बताया कि, वो ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ की शूटिंग में बिजी थीं. तब सलमान ने उनसे कहा कि बॉक्स ऑफिस पर ‘बीवी नंबर 1’ की ओपनिंग बहुत खराब रही है. बस यह बात सुनने के बाद वो अपने आंसू रोक नहीं पाईं. करिश्मा ने कहा- ” “हम स्विट्जरलैंड में ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ फिल्म के गाने ‘ओ मिस्टर राजा’ की शूटिंग कर रहे थे. उस समय, ‘बीवी नंबर 1’ रिलीज हुई थी और उसी दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप का मैच भी चल रहा था. शूटिंग के बीच एक ब्रेक में, सलमान ने मुझे अपने पास बुलाया और बैठने के लिए कहा. मैंने उनसे पूछा कि क्या हुआ है, तो उन्होंने कहा, ‘क्या तुम ठीक हो? मुझे तुम्हें कुछ बताना है. आज ‘बीवी नंबर 1’ रिलीज हुई है, और इसकी तो ओपनिंग भी नहीं हुई है!”
”यह सुनने के बाद मैं रोने लगी, और वह बस अपनी बात जारी रखे हुए थे. उन्होंने तो डेविड जी और राइटर रूमी जाफरी को भी अपने साथ एक्टिंग करने के लिए शामिल कर लिया. उन्हें देखकर मेरी आंखों में आंसू आ गए थे, तभी अचानक सलमान जोर से हंस पड़े और बोले, ‘हे भगवान, यह तो ब्लॉकबस्टर हो गया’ मैंने कहा, ‘अरे यार आप मेरे साथ ऐसा कैसे कर सकते हैं?’ वो तो बस मेरी टांग खींच रहे थे!”
कब आई थी बीवी नंबर-1?
‘बीवी नंबर 1’ 1990 के दशक के आखिर की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फिल्मों में से एक है. फिल्म में सलमान खान, करिश्मा कपूर, सुष्मिता सेन, अनिल कपूर और तबू ने काम किया था. जबकि, इसे डेविड धवन ने डायरेक्ट किया था.




