Mushtaq Khan Death: जब अमिताभ बच्चन के एक लेटर से मुश्ताक खान को मिला उनका पहला घर

Mushtaq Khan Death: जब अमिताभ बच्चन के एक लेटर से मुश्ताक खान को मिला उनका पहला घर

करीब 500 फिल्में और कई टीवी शोज़ करने वाले अभिनेता मुश्ताक खान नहीं रहे. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि मुंबई में अमिताभ बच्चन की मदद से उन्हें अपना पहला घर मिला था.

Mushtaq Khan Death: हिंदी सिनेमा में करीब 5 दशकों तक अपने दमदार अभिनेय से छाए रहने वाले अभिनेता मुश्ताक खान नहीं रहे. मुंबई में गुरुवार 24 सितंबर को लिवर कैंसर से जंग लड़ते हुए उन्होंने दम तोड़ दिया. मुश्ताक उन कलाकारों में से थे, जिन्होंने 80 के दशक में करियर शुरू किया और 21वीं सदी के दूसरे दशक तक काम करते रहे. मुश्ताक ने अमिताभ बच्चन के साथ भी कई फिल्में की. उन्होंने 2024 में दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे अमिताभ ने पहला घर लेने में उनकी मदद की थी.

मुश्ताक खान ने दो साल पहले डिजिटल कमेंट्री को दिए इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन से मिली मदद के बारे में बताया था. वो कहते हैं, “बच्चन साहब को तो मैं भूल नहीं सकता क्योंकि बच्चन साहब ने तो मेरे को उन दिनों जब मेरी शादी हुई थी और मेरे पास मकान नहीं था, तो आप लोगों को पता होगा कि हमारे यहां एक, अभी पता नहीं है कि नहीं, मेरे ख्याल है खत्म हो गया है वो, एक स्कीम थी सीएम कोटे की, 10% बोलते हैं उसको, जो आर्टिस्ट कोटा होता है, जो आपको गवर्नमेंट की तरफ से, सीएम के तरफ से आपको 10% में (घर) मिलता है वो.”

ये भी पढ़ें: 5 दशक का करियर, 500 फिल्में कैसे मध्य प्रदेश के मुश्ताक खान बॉलीवुड में छाए

सांसद अमिताभ बच्चन ने की थी मदद

मुश्ताक बताते हैं, “बच्चन साहब उस वक्त एमपी थे, कांग्रेस से, अलाहाबाद से, आपको याद होगा और बच्चन साहब के साथ मैं फिल्म की शूटिंग कर रहा था और मैं अपनी बीवी को लेकर गया था शूटिंग पर. मैंने उनको बोला था सर ऐसे-ऐसे, तो वो बोले ‘ओके नो प्रॉब्लम, यू जस्ट गिव मी अ लेटर. आई विल गिव यू अ लेटर, यू जस्ट गो टू शरद पवार, मीट हिम एंड हैंड ओवर द लेटर’. (तुम मुझे एक लेटर दो, मैं तुम्हें एक लेटर दूंगा, तुम बस शरद पवार के पास जाओ और उन्हें लेटर दो). और आपको यकीन नहीं होगा, मतलब मुझे तीन दिन में उनके दफ्तर से फोन आ गया. ‘आपका लेटर तैयार है’.”

इस इलाके में है वो फ्लैट

मुश्ताक खान ने बताया कि बच्चन साहब की मदद से उन्हें एक फ्लैट मिला था जो अभी तक उनके पास है. उन्होंने कहा कि उनका वो फ्लैट कांदिवली इलाके में है. मुश्ताक खान ने अपने करियर में अमिताभ बच्चन के साथ कालिया, मैं आजाद हूं, मृत्युदाता और मेजर साब जैसी फिल्मों में काम किया था.

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.

Read More