अंकिता लोखंडे से पामेला एंडरसन तक, बिग बॉस में आने के लिए इन सितारों ने ली मोटी फीस, काजी तौकीर को कितने मिल रहे?
Bigg Boss Highest Paid Contestant: बिग बॉस सालों से दर्शकों का मनोरंजन करता आया है. सीजन 20 भी कमाल कर रहा है. चलिए जानते हैं कि बिग बॉस में सबसे ज्यादा फीस लेने वाले कंटेस्टेंट्स बारे में.
Bigg Boss Highest Paid Contestant: बिग बॉस 20 अपने मजेदार और मनोरंजक एपिसोड के साथ दर्शकों का दिल जीत रहा है.पिछले कई सालों में इस शो में शामिल हुए कई कंटेस्टेंट्स ने खूब लोकप्रियता हासिल की है. इसके साथ ही, खबरों के मुताबिक, शो में रहने के लिए कुछ सितारों को मोटी फीस भी मिली है. पामेला एंडरसन की कुछ दिनों की एंट्री से लेकर अंकिता लोखंडे के शानदार सफर तक, बिग बॉस के घर में अलग-अलग क्षेत्रों की मशहूर हस्तियां नजर आ चुकी हैं. वहीं, इन दिनों बिग बॉस 20 में शामिल हुए सिंगर काजी तौकीर भी अपनी फीस को लेकर चर्चा में हैं.
काजी तौकीर इस सीजन में सबसे चर्चित कंटेस्टेंट में से एक हैं. काजी दर्शकों को काफी एंटरटेन कर रहे हैं और अपने अलग अंदाज की वजह से लोगों को पसंद भी आ रहे हैं. चलिए जानते हैं काजी इस सीजन के लिए कितनी फीस ले रहे हैं और अब तक के सीजन में कौन-कौन हाइएस्ट पेड कंटेस्टेंट रहा है.
काजी तौकीर को कितने रुपये मिल रहे?
बिग बॉस 20 में नजर आ रहे सिंगर काजी तौकीर साल 2005 में आए रियलिटी शो फेम गुरुकुल से पहचान मिली थी. वह इस शो में रूपरेखा बनर्जी के साथ विजेता बने थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, काजी को बिग बॉस 20 में हिस्सा लेने के लिए हर हफ्ते करीब 8 लाख रुपये दिए जा रहे हैं. हालांकि, शो के मेकर्स ने कंटेस्टेंट्स की फीस को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है.
अली गोनी
टीवी एक्टर अली गोनी ने बिग बॉस 14 में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की थी. शो में आने के बाद वह सीजन के चर्चित चेहरों में शामिल हो गए. अली गोनी को ये है मोहब्बतें जैसे टीवी शोज के लिए जाना जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें बिग बॉस 14 में हिस्सा लेने के लिए हर हफ्ते करीब 16 लाख रुपये फीस मिली थी.
श्रीसंत
भारतीय क्रिकेटर श्रीसंत बिग बॉस 12 के सबसे चर्चित कंटेस्टेंट्स में से एक थे. क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले श्रीसंत के घर के अंदर दूसरे कंटेस्टेंट्स के साथ हुए विवाद और बातचीत भी खूब सुर्खियों में रहे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें शो में रहने के लिए हर हफ्ते करीब 50 लाख रुपये दिए गए थे.
दीपिका कक्कड़
दीपिका कक्कड़ ने बिग बॉस 12 में हिस्सा लिया था और आखिर में शो की विजेता बनीं. टीवी सीरियल ससुराल सिमर का से घर-घर में पहचान बनाने वाली दीपिका को शो में पहले से ही काफी पसंद किया जाता था.रिपोर्ट्स की मानें तो दीपिका को बिग बॉस 12 में हर हफ्ते करीब 15 लाख रुपये फीस दी गई थी.
रिमी सेन
बॉलीवुड एक्ट्रेस रिमी सेन ने साल 2015 में बिग बॉस 9 में हिस्सा लिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिमी सेन को बिग बॉस 9 में आने के लिए करीब 2 करोड़ रुपये साइनिंग अमाउंट दिया गया था. हालांकि, इस रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
अंकिता लोखंडे
अंकिता लोखंडे ने बिग बॉस 17 में हिस्सा लिया था और शो के दौरान काफी सुर्खियां बटोरी थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंकिता को हर हफ्ते करीब 11 से 12 लाख रुपये फीस मिल रही थी. वह इस सीजन के फिनाले तक पहुंचीं, लेकिन ट्रॉफी जीतने में कामयाब नहीं हो सकीं.
पामेला एंडरसन
हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस पामेला एंडरसन का नाम भी बिग बॉस के सबसे महंगे मेहमानों में शामिल है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें इस छोटी-सी एंट्री के लिए करीब 2.5 करोड़ रुपये दिए गए थे. अगर इन खबरों पर भरोसा करें, तो पामेला शो के इतिहास में सबसे ज्यादा फीस पाने वाली अंतरराष्ट्रीय हस्तियों में से एक हैं.
द ग्रेट खली
पहलवान द ग्रेट खली, जिनका असली नाम दिलीप सिंह राणा है, ने साल 2010 में बिग बॉस 4 में हिस्सा लिया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें शो में रहने के लिए हर हफ्ते करीब 50 लाख रुपये फीस दी गई थी.
नोट: इन सभी कंटेस्टेंट्स की फीस से जुड़ी रकम मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है. बिग बॉस के मेकर्स ने इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.




