AUS vs ENG: 4 ओवर में 17 गेंदों पर नहीं दिया एक भी रन, झटके 5 विकेट, ऑस्ट्रेलिया पर टूटा CSK के इस बॉलर का कहर

AUS vs ENG: 4 ओवर में 17 गेंदों पर नहीं दिया एक भी रन, झटके 5 विकेट, ऑस्ट्रेलिया पर टूटा CSK के इस बॉलर का कहर

AUS vs ENG 3rd T20I: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मैच में घातक गेंदबाजी की. उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में पहली बार 5 विकेट हॉल हासिल किया.

Jamie Overton, AUS vs ENG 3rd T20I: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को ब्रिस्बेन में खेले जा रहे तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले जेमी ओवरटन ने अपनी घातक गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 16.5 ओवरों में सिर्फ 108 रनों पर सिमट गई.

जेमी ओवरटन ने पहली बार किया ये कारनामा

इस मुकाबले में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कंगारू बल्लेबाजों पर शिकंजा कस कर रखा, जिसमें जेमी ओवरटन सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे. ओवरटन ने अपने कोटे के 4 ओवरों में 1 मेडन डालते हुए सिर्फ 12 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. इस दौरान उनकी इकॉनमी सिर्फ 3.00 की रही और उन्होंने 17 डॉट गेंदें फेंकीं. यह जेमी ओवरटन के इंटरनेशनल करियर का पहला पांच विकेट हॉल है. वहीं, 108 रनों पर ऑलआउट होने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने अपनी सरजमीं पर पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का अपना सबसे कम स्कोर बनाने का शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज कर लिया है.

जेमी ओवरटन ने इस पारी के दौरान जेक फ्रेजर-मैकगर्क, निखिल चौधरी, टिम डेविड, जोएल डेविस और बेन ड्वारशुइस को अपना शिकार बनाया. जेमी ओवरटन का ये दमदार प्रदर्शन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी अच्छी खबर है. दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 के लिए जेमी ओवरटन को रिटेन किया है. पिछले सीजन जेमी ओवरटन ने सीएसके की टीम के लिए काफी अच्छा खेल दिखाया था.

लियाम डॉसन ने भी लिए 3 विकेट

ओवरटन के पांच विकेटों के अलावा स्पिनर लियाम डॉसन ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 1 मेडन फें 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए, वहीं सैम करन के खाते में 1 विकेट आया. आदिल रशीद ने भी काफी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन खर्च किए. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से विकेटकीपर सैम हार्पर ने 14 गेंदों पर 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा 26 रन बनाए, वहीं जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने 11 गेंदों पर 22 रन और निखिल चौधरी ने 22 गेंदों पर 19 रनों का योगदान दिया.

मोहिद खान
मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More