‘हर टाइम सफल होंगे तो…’ बार-बार नाकामी पर सफाई देते ही चला बाबर आजम का बल्ला, खेली जोरदार पारी
पहली बार ILT20 लीग में हिस्सा लेने पहुंचे बाबर आजम का डेब्यू मैच अच्छा गुजरा, जहां उन्होंने ओपनिंग करते हुए उन्होंने मैच जिताऊ पारी खेली. बाबर हालांकि अपना शतक पूरा नहीं कर सके.
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज और टेस्ट टीम के कप्तान बाबर आजम लगातार खबरों में बने रहते हैं. कभी कप्तान बनाए जाने के कारण तो कभी हटाए जाने के कारण और फिर दोबारा कप्तानी मिलने के कारण. मगर इनके अलावा सबसे ज्यादा सुर्खियां वो अपनी बल्लेबाजी के कारण बटोरते हैं, जहां कुछ सालों से उन्हें सिर्फ नाकामी ही मिल रही है. मगर ILT20 लीग में खेलने पहुंचे बाबर ने अपने डेब्यू मैच से ठीक पहले सफलता-असफलता पर खास ज्ञान दिया और उसके बाद एक शानदार पारी खेलकर टीम को जिताया.
यूएई की टी20 लीग ILT20 के चौथे सीजन में बाबर आजम भी हिस्सा ले रहे हैं. पहली बार इस लीग में खेल रहे बाबर आजम डेजर्ट वाइपर्स टीम का हिस्सा हैं और सोमवार 23 नवंबर को उन्होंने लीग में अपना डेब्यू किया. पाकिस्तानी टीम में उनके साथी ऑलराउंडर शादाब खान की कप्तानी में खेल रहे बाबर आजम ने शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ अपने पहले ही मैच में दमदार बैटिंग का प्रदर्शन किया और टीम को जीत दिलाई.
शारजाह में खेले गए इस मैच में मेजबान वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी की. शारजाह के लिए ओपनर पॉल वॉल्टर्स ने सिर्फ 43 गेंदों में 75 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे. उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सका और पूरी टीम 166 रन पर ऑलआउट हो गई. डेजर्ट वाइपर्स के लिए कप्तान शादाब खान ने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट लिए.
वाइपर्स की ओर से रन चेज के लिए बाबर आजम और फखर जमान की पाकिस्तानी जोड़ी ओपनिंग के लिए उतरी. फखर तो ज्यादा देर नहीं टिके लेकिन खराब फॉर्म से गुजर रहे बाबर ने लंबी पारी खेली. उन्होंने आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक ठोका. उन्होंने 16वें ओवर तक ही टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया. मगर इसी ओवर में बाबर 86 रन की जबरदस्त पारी खेलकर आउट हो गए. बाबर ने अपनी पारी में 13 चौके और 2 छक्के लगाए. वाइपर्स ने 17.3 ओवर में 6 विकेट से मैच जीत लिया.
बाबर की ये मैच जिताऊ पारी उनके एक खास बयान के ठीक बाद आई. लीग में अपना डेब्यू करने से पहले पाकिस्तानी स्टार ने मीडिया से बात करते हुए अपनी खराब फॉर्म को बड़े ही दार्शनिक अंदाज में डिफेंड किया. बाबर ने कहा कि सफलता-असफलता तो जिंदगी का हिस्सा है. फिर बाबर ने कहा कि अगर जिंदगी में हमेशा सफल होते रहेंगे, अचीव करते रहेंगे तो कुछ नया कैसे सीखेंगे. बाबर ने कहा कि नाकामी से ही सीखने के मौके मिलते हैं.




