Bigg Boss 20: ‘थाली का बैंगन’ बोलने पर माही विज पर पलटी बाजी! स्काउट-काजी में झगड़ा, कैप्टेंसी डिबेट में मचा बवाल

Bigg Boss 20: ‘थाली का बैंगन’ बोलने पर माही विज पर पलटी बाजी! स्काउट-काजी में झगड़ा, कैप्टेंसी डिबेट में मचा बवाल

Bigg Boss 20: 'बिग बॉस 20' में कैप्टेंसी टास्क के दौरान घर न्यूज स्टूडियो में तब्दील हो गया. स्काउट-काजी के बीच हाथापाई की नौबत आ गई, वहीं अरिश्फा और उदिती नई दावेदार बन गईं.

Bigg Boss 20: कलर्स और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहे देश के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में हर गुजरते दिन के साथ रिश्तों की उलझन और कड़वाहट नए चरम पर पहुंच रही है. जिस एपिसोड का आगाज यंग डीएसए, लव गिल और आम्रपाली दुबे के बीच की हल्की-फुल्की हंसी-मजाक से हुआ था, वही दिन ढलते-ढलते एक भयंकर सियासी और आक्रामक अखाड़े में तब्दील हो गया. कैप्टेंसी की अगली दावेदारी हासिल करने के लिए मेकर्स ने घर के भीतर एक लाइव टेलीविजन न्यूजरूम खड़ा कर दिया, जहां मर्यादा की सीमाएं लांघी गईं और दो कंटेस्टेंट्स के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई.

घर की नई सत्ता यानी कैप्टेंसी की दावेदारी तय करने के लिए बिग बॉस ने घरवालों के सामने एक अनूठा ‘डिबेट टास्क’ रखा. कंटेस्टेंट आसिफ खान को मुख्य न्यूज एंकर की जिम्मेदारी सौंपी गई. टास्क के नियम के तहत घर के दो सबसे चर्चित और विवादित मुद्दों पर दो-दो सदस्यों को पक्ष और विपक्ष में अपनी दलीलें रखनी थीं. जो टीम अपने तर्कों से बहस जीतेगी, उसे कैप्टेंसी की दावेदारी मिलनी तय थी. एंकर की कुर्सी संभालते ही आसिफ ने माहौल को हल्का करने के लिए आम्रपाली दुबे के बालों में जूं होने वाली चर्चा पर चुटकी ली, जिस पर कुछ पल के लिए ठहाके तो लगे, लेकिन जैसे ही डिबेट का पहला एजेंडा खुला, पूरा घर बारूद के ढेर में बदल गया.

काजी पर बरसीं कनिका

डिबेट का पहला मुद्दा था ‘काजी तौकीर के आपत्तिजनक शब्द’. इस मुद्दे पर लव गिल और कनिका मान ने अभियोजन पक्ष संभालते हुए काजी को कटघरे में खड़ा किया, जबकि उनके बचाव में बॉक्सर मैरी कॉम और गुल्लू ढाल बनकर उतरे. कनिका मान ने काजी के दोहरे रवैये पर तीखा वार करते हुए कहा कि वीकेंड का वार पर उन्होंने सलमान खान के सामने सिर्फ और सिर्फ ‘विक्टिम कार्ड’ खेलकर सहानुभूति बटोरी थी. वहीं घर का पुराना ‘अंडरगारमेंट (चड्डी)’ विवाद एक बार फिर उछाला गया: हालांकि मैरी कॉम और गुल्लू ने अपनी पूरी ताकत से काजी के पक्ष में दलीलें दीं और उनके शब्दों को गलत संदर्भ में पेश किए जाने का तर्क दिया.

स्काउट और काजी में तू-तू

डिबेट की यह चिंगारी मंच से उतरकर सीधे लिविंग एरिया में धधक उठी. काजी के मुद्दे पर बात करते-करते गेमर स्काउट ओपी और काजी तौकीर के बीच जुबानी जंग इतनी बढ़ गई कि दोनों अपना आपा खो बैठे. गुस्सा इस कदर भड़का कि दोनों एक-दूसरे पर झपटने को तैयार हो गए और मामला सीधे तौर पर हाथापाई तक पहुंच गया. ऐन मौके पर बाकी कंटेस्टेंट्स ने बीच में कूदकर दोनों को अलग किया, वरना घर का सबसे कड़ा नियम यानी ‘फिजिकल वॉयलेंस’ टूटना तय था. इस झड़प ने साबित कर दिया कि स्काउट और काजी के बीच की दुश्मनी अब सुलझने की सीमा पार कर चुकी है.

‘थाली का बैंगन’ कहने पर पलटी बाजी

डिबेट के दूसरे राउंड में सवाल पूछा गया कि क्या अमन थाली के बैंगन हैं?’ इस पर माही विज ने अमन गांधी पर तीखे आरोप मढ़ते हुए उनके स्टैंड और वफादारी पर सवाल खड़े किए. लेकिन बहस का पासा तब पलटा जब अरिश्फा खान ने मोर्चा संभाला. अरिश्फा ने सीधे माही विज पर ही पलटवार कर दिया और कहा कि किसी और को बैंगन बोलने से पहले माही को खुद को देखना चाहिए, क्योंकि घर में बिना पेंदी के लोटे की तरह बातें बदलने का काम खुद माही करती हैं.

कैप्टेंसी रेस में अरिश्फा और उदिती की पक्की दावेदारी

तर्कों और जोरदार भाषणबाजी के इस दौर में आखिरकार अरिश्फा खान और उदिती सिंह की जोड़ी ने बाजी मार ली और डिबेट जीतकर घर की अगली कैप्टेंसी की पक्की दावेदारी हासिल कर ली. इसके अलावा, एपिसोड के दौरान यंग डीएसए और माही विज के बीच भी कई घरेलू मुद्दों पर तीखी नोंकझोंक देखने को मिली. इस एपिसोड ने साफ संकेत दे दिया है कि बिग बॉस 20 के घर में अब कोई भी कंटेस्टेंट बैकफुट पर खेलने के मूड में नहीं है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि कैप्टन की कुर्सी की इस रेस में अरिश्फा और उदिती में से किसके सिर पर ताज सजता है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More