मुश्ताक खान के साथ काम करने वाले थे ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी, बोले- ‘वो अपने पीछे…’

मुश्ताक खान के साथ काम करने वाले थे ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी, बोले- ‘वो अपने पीछे…’

मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. हर कोई उन्हें याद कर भावुक हो गया है. इस बीच हनुमान अंश के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने बताया है कि वो उनके साथ अगली फिल्म करने वाले थे.

मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में उनके दोस्त और साथ काम कर चुके कलाकार काफी दुखी हैं. अनुपम खेर से लेकर राजपाल यादव, अनीस बज्मी और संजय मिश्रा तक कई जाने-माने कलाकारों ने दिवंगत अभिनेता के साथ बिताए पलों को याद किया है. इसी बीच हनुमान अंश के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने भी मुश्ताक खान को याद करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में एक खास बात बताई है.

विशाल चतुर्वेदी की फिल्म हनुमान अंश इस वक्त चर्चा का विषय बनी हुई है. हर कोई विशाल के काम की तारीफ कर रहा है. वहीं, डायरेक्टर ने अब खुलासा किया है कि, अपनी अगली फिल्म में वो दिवंगत एक्टर मु्श्ताक खान के साथ काम करने वाले थे. अब उनके यूं जाने से विशाल काफी दुखी हैं.

ये भी पढ़ें: एल्विश यादव ने पूरा किया अपना वादा, ओरी को गिफ्ट की 29 लाख की कार

मुश्ताक खान के साथ काम करने वाले थे विशाल चतुर्वेदी

विशाल चतुर्वेदी ने एक्स पर मुश्ताक खान की तस्वीर शेयर की. अभिनेता के निधन पर दुख जताते हुए डायरेक्टर ने बताया कि वह जल्द ही मुश्ताक खान के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम करने वाले थे. उन्होंने लिखा, हम साथ काम करने वाले थे मुश्ताक जी. आप क्या शानदार अभिनेता थे और अपने पीछे कितनी बड़ी विरासत छोड़ गए. ओम शांति.

निधन से दो घंटे पहले राजपाल यादव ने की थी मुलाकात

वहीं, गुरुवार को राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर मुश्ताक खान के साथ एक तस्वीर शेयर की और बताया कि उन्होंने अभिनेता के निधन से महज दो घंटे पहले उनसे मुलाकात की थी. राजपाल ने बताया कि वह दोपहर में मुश्ताक भाई से मिलने गए थे. उन्होंने उनसे बातचीत की, हाथ मिलाया और मुश्ताक खान उनकी बातें सुनकर उन पर रिएक्शन भी दे रहे थे.

अनीस बज्मी ने भी मुश्ताक खान को किया याद

वेलकम के डायरेक्टर अनीस बज्मी ने भी सोशल मीडिया पर मुश्ताक खान के निधन पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि मुश्ताक भाई के जाने की खबर सुनकर वह स्तब्ध हैं और उनके पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं. अनीस ने उन्हें एक बेहतरीन कलाकार और खूबसूरत दिल वाला इंसान बताया. साथ ही उन्होंने दुआ की कि अल्लाह उनकी आत्मा को सुकून दे और उनके परिवार व करीबियों को इस मुश्किल वक्त में हिम्मत दे.

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More