IND vs PAK: अंडर-19 टीम ने हराया, अब इंडिया A की बारी, पाकिस्तान को फिर धोने की है तैयारी
Rising Stars Asia Cup 2026: इस टूर्नामेंट के अपने पहले ही मैच में भारत और पाकिस्तान की टीमों को आसान जीत मिली थी लेकिन दोनों का असली इम्तेहान अब होगा.
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ वक्त में कई मैच खेले गए हैं. अलग-अलग स्तर पर खेले गए इन मुकाबलों में भारतीय टीमों का ही दबदबा देखने को मिला है. इसी सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम मैदान पर उतरेगी. कतर में चल रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के अपने दूसरे मैच में 22 नवंबर को इंडिया ए का सामना पाकिस्तान शाहीन से होगा. इसमें सबसे ज्यादा नजरें वैभव सूर्यवंशी और अली रजा की टक्कर पर होगी, जो पहले भी भिड़ चुके हैं.
दोहा में रविवार 22 नवंबर को ग्रुप बी के मैच में भारत और पाकिस्तान की ये टीमें आमने-सामने होंगी. दोनों ही टीम ग्रुप स्टेज में एक-एक मैच खेल चुकी हैं. इंडिया ए ने पहले मैच में नेपाल को बुरी तरह रौंदते हुए 306 रन से हराया था. वहीं पाकिस्तान शाहीन ने भी अपने पहले मैच में UAE के खिलाफ 61 रन से जीत दर्ज की थी. मगर अब इस ग्रुप और टूर्नामेंट की सबसे बड़ी टक्कर होने जा रही है.
इंडिया ए की ओर से ये अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी पर सबसे ज्यादा दारोमदार होगा. ये दोनों ही नेपाल के खिलाफ फेल हुए थे. ऐसे में न सिर्फ दोनों पर वापसी का दबाव होगा बल्कि सामने पाकिस्तानी टीम होने के कारण एक अलग दबाव भी होगा. दोनों ही खिलाड़ियों ने अलग-अलग टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीमों का सामना किया है और उनके बीच जुबानी जंग भी हुई है.
अभिषेक तो सीनियर टीम के साथ एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप के अलावा इसी टूर्नामेंट के पिछले एडिशन में भिड़ चुके हैं. वहीं वैभव सूर्यवंशी की भी अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तानी पेसर अली रजा समेत कुछ अन्य खिलाड़ियों से बहस हुई है. अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में वैभव ने पहले ही ओवर में अली रजा पर 2 छक्के और 1 चौका जमाया था. हालांकि अगले ही ओवर में रजा ने वैभव को आउट कर दिया था. ऐसे में इस बार वैभव न सिर्फ रजा की धुनाई करने उतरेंगे, बल्कि बड़ी पारी भी खेलना चाहेंगे.




