IPL 2027: किस टीम के पास बचा है सबसे ज्यादा पैसा और कितने स्लॉट हैं खाली?
IPL 2027 Auction Purse Remaining: आईपीएल 2027 के मिनी-ऑक्शन में सभी 10 टीमें अपने बचे हुए स्लॉट को खाली करने के लिए उतरेंगी. रिटेंशन लिस्ट के पास सभी टीमों के पर्स की तस्वीर भी साफ हो गई है.
IPL 2027 Auction Purse Remaining: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के मिनी-ऑक्शन से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमों ने 17 नवंबर की डेडलाइन तक अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की आखिरी लिस्ट भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को सौंप दी है. पिछले कुछ महीनों में कई खिलाड़ियों की ट्रेड डील और अब रिटेंशन लिस्ट जारी होने के बाद यह तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है कि ऑक्शन में किस टीम के पास खर्च करने के लिए कितना पर्स बचा है और उन्हें कितने खिलाड़ियों की जरूरत है.
किस टीम के पास सबसे ज्यादा पैसा?
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के मिनी-ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स सबसे ज्यादा पैसा लेकर उतरने वाली है. रिटेंशन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के पर्स में 47.45 करोड़ रुपए बचे हैं. वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 41.65 करोड़ रुपए और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 40.15 करोड़ रुपए हैं. लेकिन गुजरात टाइटंस की टीम इस ऑक्शन में सबसे कम पर्स के साथ उतरेगी, उनके पास 8.75 करोड़ रुपए ही बचे हैं.
वहीं, स्लॉट के लिहाज से दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस को सबसे ज्यादा 9-9 खिलाड़ी खरीदने हैं. दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस के पास सबसे कम 3 स्लॉट बचे हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास भी 5 स्लॉट ही खाली हैं. इसके अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद ज्यादा से ज्यादा 7-7 खिलाड़ी खरीद सकती हैं.
सभी 10 टीमों का पर्स और खाली स्लॉट
- लखनऊ सुपर जायंट्स: पर्स — 47.45 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 7 | विदेशी स्लॉट — 3
- कोलकाता नाइट राइडर्स: पर्स — 41.65 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 8 | विदेशी स्लॉट — 3
- सनराइजर्स हैदराबाद: पर्स — 40.15 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 7 | विदेशी स्लॉट — 3
- दिल्ली कैपिटल्स: पर्स — 39.50 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 9 | विदेशी स्लॉट — 4
- मुंबई इंडियंस: पर्स — 32.60 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 9 | विदेशी स्लॉट — 2
- चेन्नई सुपर किंग्स: पर्स — 28.05 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 6 | विदेशी स्लॉट — 2
- राजस्थान रॉयल्स: पर्स — 27.05 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 6 | विदेशी स्लॉट — 3
- पंजाब किंग्स: पर्स — 18.60 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 6 | विदेशी स्लॉट — 2
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: पर्स — 14.15 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 5 | विदेशी स्लॉट — 1
- गुजरात टाइटंस: पर्स — 8.75 करोड़ | कुल खाली स्लॉट — 3 | विदेशी स्लॉट — 2
कब होगा IPL 2027 का मिनी-ऑक्शन?
आईपीएल 2027 का मिनी-ऑक्शन 16 दिसंबर 2026 को गोवा में आयोजित किया जाएगा, जहां सभी 10 टीमें अपनी टीम की कमियों को दूर करने के लिए बोली लगाएंगी. 2025-27 के तीन साल के चक्र की शुरुआत में मेगा ऑक्शन के दौरान हर फ्रेंचाइजी का पर्स 120 करोड़ रुपए था. नियमों के मुताबिक, हर मिनी-ऑक्शन से पहले टीमों के पर्स में 5 करोड़ रुपए अतिरिक्त जोड़े जाते हैं. इस तरह 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले ऑक्शन में सभी टीमें 130 करोड़ रुपए के कुल पर्स (रिटेन खिलाड़ियों की सैलरी सहित) के साथ उतरेंगी.




