Litton Das: पहले शतक लगाया, अब विकेटकीपिंग में रचा इतिहास, तोड़ा 47 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड

Litton Das: पहले शतक लगाया, अब विकेटकीपिंग में रचा इतिहास, तोड़ा 47 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड

बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिट्टन दास ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में ये रिकॉर्ड बनाया. उनके नाम अब टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा शिकार का रिकॉर्ड है.

टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के खिलाड़ी धीरे-धीरे खास मुकाम हासिल कर रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट मैच में जीतने के बाद बांग्लादेशी टीम ने साउथ अफ्रीका दौरे पर पहले टेस्ट मैच में भी प्रभावित किया है. खास तौर पर टीम के कुछ खिलाड़ी तो अपनी छाप छोड़ने में सफल हुए हैं. टीम के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिट्टन दास ने भी अपने नाम कुछ ऐसी ही उपलब्धि हासिल की है. पहले टेस्ट मैच में शतक जमाने के बाद लिट्टन दास ने एक पारी में सबसे ज्यादा शिकार करने का 47 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

जोहानसबर्ग में साउथ अफ्रीका-बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन लिट्टन दास ने विकेट के पीछे ये खास रिकॉर्ड बनाया. वांडरर्स के मैदान पर साउथ अफ्रीका के लोअर ऑर्डर ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए न सिर्फ बांग्लादेश के पहली पारी के स्कोर को पार किया बल्कि 500 रन का आंकड़ा भी पार किया और एक विशाल बढ़त ली. मगर इन सबके बीच लिट्टन दास ने सबसे ज्यादा शिकार करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

बुधवार 18 नवंबर को लिट्टन दास ने जैसे ही रायन रिकल्टन को स्टंप आउट किया, उन्होंने पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर वसीम बारी समेत 5 विकेटकीपरों के रिकॉर्ड की बराबरी की. फिर कुछ देर बाद लिट्टन दास ने कगिसो रबाडा का कैच लपका और इस तरह उन्होंने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. ये इस पारी में लिट्टन दास का 8वां शिकार था और इसके साथ ही वो टेस्ट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गए.

लिट्टन दास ने अपने इस रिकॉर्ड में 6 कैच लपके और 2 स्टंपिंग को अंजाम दिया. उन्होंने वसीम बारी का 1979 में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा. बारी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 शिकार किए थे. उनके बाद बॉब टेलर (इंग्लैंड), इयन स्मिथ (न्यूजीलैंड), रिडले जैकब्स (वेस्टइंडीज) और जॉशुआ डा सिल्वा (वेस्टइंडीज) ने 7-7 शिकार ही किए थे. लिट्टन ने अपने 60वें टेस्ट मैच में ये रिकॉर्ड बनाया. इसके साथ ही बतौर विकेटकीपर 49 टेस्ट मैच में उनके 154 शिकार हो गए हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More