ये यौन उत्पीड़न के बराबर है…भद्दे AI Video पर जान्हवी कपूर ने तोड़ी चुप्पी, पैपराजी के कैमरा ऐंगल पर भी गुस्सा निकाला

ये यौन उत्पीड़न के बराबर है…भद्दे AI Video पर जान्हवी कपूर ने तोड़ी चुप्पी, पैपराजी के कैमरा ऐंगल पर भी गुस्सा निकाला

'देवरा' के गाने के साथ छेड़छाड़ कर एआई डीपफेक वीडियो के जरिए जान्हवी कपूर और जूनियर एनटीआर को भद्दे तरीके से दिखाया गया. पहले इस पर जूनियर एनटीआर ने गुस्सा दिखाया और जान्हवी ने चुप्पी तोड़ी है.

Janhvi Kapoor On Chuttamalle Song AI Video: फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ के AI डीपफेक वर्जन पर बवाल मच गया है. इस गाने के आपत्तिजनक वीडियो क्लिप पर पहले खुद एक्टर जूनियर एनटीआर ने सवाल उठाया था और एआई के ऐसे भद्दे इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी एक्शन की चेतावनी दी थी. जूनियर एनटीआर के बाद विजय देवरकोंडा और चिरंजीवी जैसे बड़े कलाकारों ने भी उस डीपफेक वीडियो क्लिप के खिलाफ आवाज उठाई. अब बवाल के एक दिन बाद एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा बयान जारी किया और महिलाओं से जुड़े डीपफेक AI वीडियो समेत अन्य कई मुद्दे उठाए. उन्होंने इस तरह बिना मर्जी के किसी महिला का कंटेंट बनाने को यौन उत्पीड़न के बराबर माना है.

जान्हवी कपूर ने अपने बयान में लिखा है, “महिलाओं को किसी वस्तु की तरह दिखाने और उनकी मर्जी के बगैर झूठे और गलत कंटेंट फैलाने के लिए तकनीक का आपराधिक इस्तेमाल बेहद अपमानजनक है और ये यौन उत्पीड़न के बराबर है. मेरी इंडस्ट्री की लगभग सभी महिलाओं को इसका किसी न किसी तरह से सामना करना पड़ा है, और हर जगह महिलाएं लगातार इसका शिकार हो रही हैं. महिला के शरीर के प्रति सहमति, पसंद और इज्जत मानवीयता के सबसे बुनियादी मूल्यों में से एक होने चाहिए. पर किसी न किसी तरह उन्हें अब भी पेचिदा माना जाता है, जबकि वो नहीं हैं.”

“न का मतलब न”

जान्हवी कपूर महिला के ‘न’ कहने की अहमियत समझाते हुए लिखती हैं कि ये हैरानी की बात है कि कुछ लोगों के लिए ये समझना अभी भी मुश्किल है कि अगर कोई महिला लगातार पांच दिन ‘हां’ कह रही है और छठे दिन ‘न’, तो उस ‘न’ की इज्जत होनी चाहिए.

पैपराजी के आपत्तिजनक कैमरा ऐंगल पर क्या बोलीं?

अपने बयान में उन्होंने पैपराजी वाले मुद्दे पर भी ध्यान आकर्षित कराया है. गलत ऐंगल से महिलाओं की तस्वीर लेने के मामले में कई बार सवाल उठते रहे हैं. इस पर उन्होंने लिखा, “अगर वो मिनिस्कर्ट पहनती है तो इससे किसी को इस बात की मंजूरी नहीं मिल जाती कि वो उसकी स्कर्ट के नीचे कैमरा लगाए, और गलत ऐंगल से तस्वीर ले या विजुअल के जरिए उसका उत्पीड़न करे. महिला किस चीज से कंफर्टेबल है, उसकी क्या सीमा है और वो अपने शरीर के साथ क्या करना चाहती है, इसपर फैसले लेने का पूरा हक उस महिला का ही है. ये तो बुनियादी बात है.”

Janhvi Kapoor Statement

जान्हवी कपूर का बयान

जान्हवी ने आगे लिखा, “पिछले कुछ दिनों में मैंने जिन एआई वीडियोज़ का सामना किया है, ये उससे कहीं आगे की चीज है या उससे आगे की, जो मैंने अपने करियर के दौरान निजी तौर पर महसूस किया है. ये महिला होने की बड़ी सच्चाई के बारे में है. लोगों की नज़रें, उनका फैसला, सुरक्षा के लिए लगातार जद्दोजहद, और ये एहसास कि आपकी सीमाओं की व्याख्या कोई भी अपने हिसाब से कर सकता है.” इस दौरान वो ये भी लिखती हैं कि ये खतरा अब डिजिटल दुनिया तक फैल चुका है, जबकि हमने उस वास्तविक, शारीरिक डर का भी ठीक से समाधान नहीं किया, जो हर दिन महिलाओं की जिंदगी पर असर डाल रहा है.

जान्हवी लिखती हैं, “‘इसका जवाब महज ये नहीं हो सकता है कि अपनी बेटी की रक्षा करो’. हमें सबसे पहले समाज में उस माहौल को बदलने की जरूरत है, जिसमें लोगों को लगता है कि वो किसी और की सीमा का उल्लंघन करने के हकदार हैं. और इस बदलाव की शुरुआत उन मर्दों से होगी जो नैतिक मूल्य वाले हैं और जिनमें सही को सही और गलत को गलत कहने की हिम्मत है.”

जूनियर एनटीआर समेत आवाज उठाने वाले सभी सितारों का किया शुक्रिया

इस दौरान जान्हवी कपूर ने जूनियर एनटीआर, चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू जैसे कलाकारों का इस बात के लिए शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने कड़ा रुख अपनाया और ऐसे कामों की निंदा की. साथ ही जान्हवी ने इस बात की उम्मीद भी जाताई कि हैरेसमेंट में किसी तरह से भी शामिल लोग अपनी हरकतों पर आत्मनिरीक्षण करेंगे.

उन्होंने सवाल किया कि क्या महिला अगर ये कहती है कि हमें सिर्फ इंसान की तरह देखा जाए तो ये कुछ ज्यादा है? अंत में वो लिखती हैं, “उसका शरीर. उसकी तस्वीर. उसकी सीमा. उसकी च्वाइस.”

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ

मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.

Read More