PCB Central Contract: पाकिस्तान का बड़ा ऐलान, रिजवान समेत 13 खिलाड़ियों की छुट्टी, इन 38 को मिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट

PCB Central Contract: पाकिस्तान का बड़ा ऐलान, रिजवान समेत 13 खिलाड़ियों की छुट्टी, इन 38 को मिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट

PCB Central Contracts 2026-27: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है. इस बार सीनियर पुरुष टीम के कुल 38 खिलाड़ियों को लिस्ट में शामिल किया गया है.

PCB Central Contracts 2026-27: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी सीनियर पुरुष टीम के लिए नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है, जो 30 जून 2027 तक प्रभावी रहेगा. बोर्ड ने पिछले साल की कैटेगरी-आधारित सिस्टम को खत्म करते हुए अब फॉर्मेट-आधारित सिस्टम लागू किया है. इस नई लिस्ट में कुल 38 खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिनमें से 19 खिलाड़ियों को डेवलपमेंट कैटेगरी में रखा गया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस बार किसी भी खिलाड़ी को तीनों फॉर्मेट का कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया गया है. वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान समेत पिछले साल के 13 खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.

रिजवान समेत 13 खिलाड़ी कॉन्ट्रैक्ट से बाहर

जुलाई 2026 से जून 2027 तक चलने वाले इस नए कॉन्ट्रैक्ट साइकल से कई बड़े नाम गायब हैं. मैदान के बाहर के विवादों में घिरे रहने वाले और इंग्लैंड दौरे के बीच से स्वदेश भेजे गए मोहम्मद रिजवान पिछले साल कैटेगरी-B में थे, लेकिन इस बार उन्हें लिस्ट से बाहर कर दिया गया है. रिजवान के अलावा पिछले साल कैटेगरी-B में शामिल रहे सैम अयूब और हसन अली को भी कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला है. इनके साथ ही पूर्व कप्तान शान मसूद, अब्दुल्ला शफीक, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, नोमान अली, हुसैन तलत, खुर्रम शहजाद, खुशदिल शाह, मोहम्मद अब्बास अफरीदी और मोहम्मद वसीम जूनियर भी इस लिस्ट में जगह बनाने में नाकाम रहे.

बाबर को टेस्ट-ODI, तो शाहीन को ODI-T20 कॉन्ट्रैक्ट

नए सिस्टम के तहत खिलाड़ियों को उनकी विशेषज्ञता के आधार पर अलग-अलग फॉर्मेट के कॉन्ट्रैक्ट दिए गए हैं. टेस्ट कप्तान बाबर आजम और पूर्व टी20 कप्तान सलमान आगा इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें टेस्ट और वनडे दोनों का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. वहीं, वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी को वनडे और टी20 कैटेगरी में रखा गया है. इनके अलावा टी20 कप्तान साहिबजादा फरहान को सिर्फ टी20 कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है.

PCB सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2026-27 की पूरी लिस्ट

  • टेस्ट और वनडे: बाबर आजम, सलमान आगा.
  • टेस्ट: अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, साजिद खान, सऊद शकील.
  • वनडे और टी20: अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी.
  • टी20I: हसन नवाज, माज सदाकत, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, उस्मान तारिक.
  • डेवलपमेंट: अब्दुल समद, अब्दुल्ला फजल, अहमद दानियाल, अली रजा, फरहान यूसुफ, हुनैन शाह, मोहम्मद ताहा, तैयब आरिफ, गाजी गोरी, मोहम्मद इमरान रंधावा, रजाउल्लाह, साद बेग, साद मसूद, समीर मिन्हास, साकिब खान, शाहजेब खान, शामिल हुसैन, सुफियान मुकीम, उबैद शाह.

मोहिद खान
मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More