MP: देवास में TI की हत्या कर भागा था ड्राइवर, पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर; पैर में मारी गोली

MP: देवास में TI की हत्या कर भागा था ड्राइवर, पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर; पैर में मारी गोली

देवास में खातेगांव TI हत्या मामले के आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया. पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान उसके पैर में गोली लगी. आरोपी को अस्पताल में भर्ती किया गया है.

Dewas News:देवास में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी को ट्रक से कुचलने के मामले में फरार चल रहे आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उसे आलीराजपुर से पकड़कर खातेगांव ला रही थी. इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, उसने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर उन पर हमला भी किया. इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को जिला अस्पताल देवास में भर्ती कराया गया है.

अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान हुई थी TI की हत्या

मामला खातेगांव थाना प्रभारी की हत्या से जुड़ा है. जानकारी के मुताबिक, अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान आरोपियों ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया था. इस घटना में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत हो गई थी. वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इस मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी.

ये भी पढ़ें- जिस शराब तस्कर ने ली TI की जान, उसका मास्टरमाइंड राहुल जायसवाल गिरफ्तार; गुजरात तक फैला था नेटवर्क

आलीराजपुर से गिरफ्तार कर ला रही थी पुलिस

मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में वांछित ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू को आलीराजपुर से गिरफ्तार किया. इसके बाद पुलिस टीम उसे खातेगांव लेकर आ रही थी. इसी दौरान देवास के पास बरोठा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास किया.

पुलिस से हथियार छीनकर हमले की कोशिश

देवास पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने भागने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों से हथियार छीन लिया और उन पर हमला कर दिया. पुलिस ने उसे रोकने के लिए पहले चेतावनी दी. इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान चलाई गई गोली उसके दाहिने पैर में लगी. घटना के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल जिला चिकित्सालय देवास पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

SP आदित्य मिश्रा ने दी जानकारी

SP आदित्य मिश्रा ने बताया कि थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू की गिरफ्तारी के लिए देवास समेत कई जिलों की पुलिस लगातार दबिश दे रही थी. दूसरे जिलों की पुलिस भी इस कार्रवाई में सहयोग कर रही थी. इसी अभियान के तहत गजेंद्र को आलीराजपुर जिले से अभिरक्षा में लेकर देवास लाया जा रहा था. रास्ते में बरोठा थाना क्षेत्र में उसने दोबारा पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया. इसके बाद निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत पुलिस ने कार्रवाई की.

घायल आरोपी गजेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल देवास लाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. SP ने बताया कि आरोपी को चोट लगने के कारण अभी ICU में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की सलाह के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी. पुलिस संबंधित मजिस्ट्रेट को भी मामले की जानकारी देगी. आरोपी की पुलिस रिमांड लेकर उससे पूछताछ की जाएगी. इस मामले में घटनास्थल का सीन रीक्रिएशन करने और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच में उसकी भूमिका अहम है.

शुभम गुप्ता
शुभम गुप्ता

शुभम गुप्ता को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक से अधिक का अनुभव है. शुभम ने आरजीपीवी यूनिवर्सिटी से IT में इंजीनियरिंग की. इसके बाद ITMI से ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म सर्टिफिकेशन प्राप्त किया. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दिल्ली में “आज तक” से बतौर संवाददाता की, जहां आदर्श ग्राम योजना, नोटबंदी और मुद्रा योजना जैसी कई अहम रिपोर्ट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. दिल्ली में लगभग पांच साल काम करने के बाद शुभम ने अपने गृहप्रदेश मध्यप्रदेश का रुख किया और न्यूज़ नेशन से जुड़े. यहां उनकी कई खबरों ने व्यापक असर डाला, जैसे कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा घोटाले को उजागर करने के बाद सरकार को परीक्षा रद्द करनी पड़ी. साल 2020 में मध्यप्रदेश की राजनीति के ऐतिहासिक घटनाक्रम, कमलनाथ सरकार के पतन, को उन्होंने बेहद बारीकी से कवर किया. कोरोना काल में उन्होंने जान जोखिम में डालकर व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया, जिसके बाद सरकार को कई महत्वपूर्ण फैसले लेने पड़े. साल 2023 में शुभम गुप्ता नई भूमिका में TV9 भारतवर्ष के एमपी-सीजी ब्यूरो प्रमुख बने. यहां भी उन्होंने कई बड़े घोटाले उजागर किए, जैसे- बर्तन घोटाला, सर्पदंश घोटाला, धान घोटाला और डामर घोटाला. उनकी रिपोर्टिंग के बाद मुफ्त शव वाहन योजना को तत्काल प्रभाव से शुरू करना पड़ा. मुख्यमंत्री ने महज़ 9 घंटे में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Read More