Drishyam 3 Writer: ‘दृश्यम 3’ के लेखक को क्यों रिश्वत देने की कोशिश कर रहे थे रिश्तेदार? बोले- मैं गायतोंडे की तरह वफादार रहा
'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' के साथ इस फ्रेंचाइजी का अंत हो गया. फिल्म के लेखक आमिल कियान खान ने बताया कि कैसे लोग उन्हें इसका क्लाइमैक्स जानने के लिए रिश्वत तक देने की कोशिश कर रहे थे.
Drishyam Writer: अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ सिनेमाघरों में आ गई है और बंपर कमाई कर रही है. इस फ्रेंचाइजी के पहले दो पार्ट को काफी पसंद किया गया था. ऐसे में तीसरे पार्ट से लोगों को बहुत उम्मीदे भी थीं. खासकर तब, जब ये आखिरी पार्ट होने वाला था. पर फिल्म ने लोगों का दिल जीता. समीक्षक और दर्शक इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. खासकर इसमें दिखाए गए ट्विस्ट्स और फिल्म के क्लाइमैक्स से लोग हैरान दिख रहे हैं. अब फिल्म के लेखक आमिल कियान खान ने बताया है कि कैसे उन्होंने इसके क्लाइमैक्स और ट्विस्ट्स को लीक होने से बचाकर रखा.
आमिल कियान खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन‘ के बारे में बात की. फ्री प्रेस जरनल के इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि कैसे मेकर्स ने फिल्म के क्लाइमैक्स और ट्विस्ट्स एंड टर्न्स को लीक होने से बचाया तो उन्होंने इसका बड़ा मजेदार जवाब दिया. इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि उनके रिश्तेदार और क्रू मेंबर्स फिल्म की एंडिंग जानने के लिए उन्हें रिश्वत तक देने की कोशिश कर रहे थे.
View this post on Instagram
ये भी पढ़ें: पहली फिल्म में अजय देवगन के हाथों मिली थी दृश्यम के गायतोंडे को मौत, जानिए कमलेश सांवत के बारे में
एंडिंग को लीक से बचाने के लिए क्या किया?
आमिल कियान खान कहते हैं, “अभिषेक उस तरह से प्रोडक्शन चलाते हैं, जैसे विजय सलगांवकर चलाता. फिल्म के क्लाइमैक्स के बारे में क्रू के सभी लोगों को नहीं बताया गया था. हर इंसान को उतना बताया गया, जितना बताने की जरूरत थी. कभी कभी विभाग को उतना ही पता होता था, जितना सीन के लिए जरूरी होता था. ये ज़रूरी नहीं कि उन्हें ये भी पता हो कि वो ऐसा क्यों कर रहे हैं.”
रिश्वत तक की कोशिश हुई
आमिल ने ये भी बताया कि कैसे लोग फिल्म की एंडिंग जानने को बेताब थे. उन्होंने कहा, “फिल्म के कई कलाकार और क्रू, साथ मेरे खुद के रिश्तेदारों ने मुझे फिल्म की एंडिंग जानने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की. पर गायतोंडे की तरह, मैं भी प्रोड्यूसर्स के प्रति ईमानदार और वफादार रहा.”




