IBD 5 Winner: कभी सलून में काटे बाल, अब 15 लाख से मां के लिए बनाएंगे घर… किस एक्टर को अपना आइडल मानते हैं रितेश पाल?
'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' का खिताब जीतने के बाद रायपुर के 19 वर्षीय रितेश पाल ने टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ साथ खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि जीती हुई प्राइज मनी से वो अपनी मां के लिए घर बनाएंगे.
India’s Best Dancer 5 Winner: जब इरादों में जान हो और मेहनत करने के साथ-साथ कभी हार ना मानने का जज्बा, तो किस्मत को भी झुकना ही पड़ता है. सोनी टीवी के डांस रिएलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ सीजन 5 के मंच पर जब विनर के नाम का ऐलान हुआ, तो पूरा देश खुशी से झूम उठा. छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले 19 वर्षीय रितेश पाल ने अपनी हैरतअंगेज कंटेंपरेरी डांस स्टाइल से चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली. ट्रॉफी के साथ उन्हें 15 लाख रुपये भी मिले. कभी परिवार में आर्थिक तंगी होने की वजह से अपनी पॉकेट मनी के लिए सलून में बाल काटने वाले रितेश आज देश के नए डांसिंग सेंसेशन बन चुके हैं.
विनर की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद विनर रितेश पाल ने टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ खास बातचीत की और जीत को लेकर अपने दिल का हाल बयां किया.
सवाल: जब स्टेज पर आपका नाम विनर के तौर पर अनाउंस हुआ, तो आपके दिमाग में पहला ख्याल क्या था? वह पहला रिएक्शन कैसा था?
रितेश पाल का जवाब: ईमानदारी से कहूं तो मेरा पहला रिएक्शन यही था कि क्या? क्या हम सच में जीत गए? मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था. मैंने अपने कोरियोग्राफर प्रतीक सर से तीन बार पूछा कि ‘सर, सच में हमारा ही नाम लिया है ना? मतलब ये ट्रॉफी हम सच में जीत गए ना?’ पूरे सीजन ऐसा होता था कि जो बैटल जीतता था या परफॉर्मर ऑफ द वीक बनता था, ट्रॉफी एक हफ्ते के लिए उसके पास जाती थी. मुझे लगा कहीं इस बार भी वैसा ही तो नहीं है! मुझे बिल्कुल भरोसा नहीं हो रहा था कि अब ये ट्रॉफी हमेशा-हमेशा के लिए मेरे पास आ गई है.
सवाल: शो के दौरान आपके लिए सबसे बड़ा चैलेंज क्या रहा?
रितेश पाल का जवाब: मेरे लिए सबसे मुश्किल और बड़ा चैलेंज था ‘इंडिया वाला डांस’ करना, जो मुझे बिल्कुल नहीं आता था. मुझे उसका ‘आई’ भी नहीं आता था. मैं हमेशा से प्योर कंटेंपरेरी डांस करता आया हूं और बॉलीवुड व कंटेंपरेरी का मिक्स मैच बनाना मेरे लिए सबसे कठिन था. प्रतीक सर बहुत ज्यादा प्रोफेशनल हैं, उनका ट्रांजिशन एकदम क्लीन होता है, जबकि मेरी आदतें थोड़ी अनप्रोफेशनल थीं. इस चक्कर में मैंने सर से बहुत डांट भी खाई है. लेकिन बाद में सर मेरी बॉडी की नेचुरल मूवमेंट को समझने लगे.
सवाल: जजों से आपको इस सफर में बहुत शानदार कॉम्प्लीमेंट्स मिले. ऐसा कौन सा कमेंट था जो सीधे दिल में उतर गया?
रितेश पाल का जवाब: जब फिनाले में टेरेंस सर ने मुझसे कहा था कि रितेश, मुझे तुम्हारे अंदर ऋतिक रोशन भी दिखता है, शाहिद कपूर भी दिखता है और टाइगर श्रॉफ भी दिखता है. तुम्हारे अंदर इन तीनों की झलक दिखती है. यह सुनना मेरे लिए बहुत-बहुत बड़ा कॉम्प्लीमेंट था. इसके अलावा गीता मां ने मुझसे कहा था कि ‘रितेश, जब तुम डांस करते हो तो मैं तुमसे सीधे जुड़ जाती हूं. अगर तुम कोई गलती भी करते हो तो मुझे वो दिखती नहीं है, मेरा मन करता है कि मैं उसे इग्नोर कर दूं. गीता मां ने यह भी कहा था कि वे मुझे बतौर डांसर, एक्टर और परफॉर्मर बहुत पसंद करती हैं. उनके यह शब्द मेरे लिए पूरी जिंदगी की सबसे बड़ी पूंजी है.
सवाल: इस शो से जीती गई विनिंग प्राइज मनी का आप क्या करने वाले हैं?
रितेश पाल का जवाब: मैंने शो के दौरान भी प्रतीक सर से कहा था कि इस शो से जो भी धनराशि मैं जीतूंगा, सारा पैसा मैं अपनी मम्मी को देना चाहता हूं. मैं अपनी मां के लिए एक बेहद खूबसूरत और प्यारा सा घर बनाना चाहता हूं. तो यह पूरी प्राइज मनी मेरी मां के उस ‘ड्रीम हाउस’ के लिए जाएगी.
ये भी पढ़ें-
56 या 75, कितने साल के थे मुश्ताक खान? उम्र का कंफ्यूजन हुआ दूर, बेटे ने खुद बताया सच
कपूर खानदान का वो वारिस जिसने 6 दशक पहले National Award लेने से मना कर दिया था, हैरान कर देगी वजह
सवाल: आने वाले दिनों में आपके क्या सपने हैं? इंडस्ट्री में आपका आइडल कौन है और किसके साथ स्क्रीन शेयर करना चाहते हैं?
रितेश पाल का जवाब: अगर कोरियोग्राफी से हटकर बड़े पर्दे पर काम करने की बात हो, तो मैं धनुष सर के साथ काम करना चाहता हूं. वे मेरे सबसे पसंदीदा एक्टर हैं. और अगर आइडल की बात करूं, तो मैं राघव जुयाल भैया को अपना सबसे बड़ा आइडल मानता हूं. उनकी भी शुरुआत डांस से ही हुई थी और आज वे एक बहुत बड़े एक्टर बन चुके हैं. मैं भी खुद को उसी मुकाम पर देखना चाहता हूं और मेरा अगला सबसे बड़ा सपना यह है कि एक बार मुझे इंटरनेशनल मंच पर भारत के लिए परफॉर्म करना है.




