IBD 5 Winner: सलून में बाल काटने वाले रितेश पाल बने ‘इंडियाज बेस्ट डांसर 5’ के विनर, ट्रॉफी के साथ मिले 15 लाख रुपये और कार

IBD 5 Winner: सलून में बाल काटने वाले रितेश पाल बने ‘इंडियाज बेस्ट डांसर 5’ के विनर, ट्रॉफी के साथ मिले 15 लाख रुपये और कार

रायपुर के 19 साल के रितेश पाल ने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के साथ 'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. कभी सैलून में काम करने वाले रितेश का यह सफर हर किसी को भावुक कर देगा.

India’s Best Dancer Season 5 Winner: छोटे पर्दे के सबसे लोकप्रिय रिएलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर 5’ को अपना चैंपियन मिल गया है. देशभर के बेहतरीन टैलेंट को पछाड़ते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले 19 वर्षीय रितेश पाल ने इस सीजन की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. मंच पर अपने लाजवाब कंटेंपरेरी डांस फॉर्म, हैरतअंगेज फ्लेक्सिबिलिटी और जानलेवा स्टंट्स से जजों को हैरान करने वाले रितेश के साथ उनके कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर ने भी जीत का परचम लहराया है. ट्रॉफी के साथ रितेश को 15 लाख रुपये और चमचमाती नई कार भी मिली है. ये जीत सिर्फ एक रिएलिटी शो की ट्रॉफी जीतने भर की नहीं है, बल्कि ये उस अटूट हौसले की जीत है जो गरीबी, संघर्ष और सामाजिक तानों के आगे कभी नहीं झुका.

रितेश पाल की आज की चमक के पीछे आंसुओं और पसीने की एक लंबी दास्तान छिपी है. रायपुर के एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले रितेश के लिए डांसर बनने की राह कांटों भरी थी. शुरुआत में परिवार का कोई सपोर्ट नहीं मिला. डांस क्लास की फीस भरने और अपने सपनों को जिंदा रखने के लिए रितेश ने अपने शहर के एक सैलून में बाल काटने तक का काम किया.

रातभर करते थे डांस

दिनभर सैलून में कैंची चलाने के बाद रितेश रात-रातभर डांस का अभ्यास करते थे. इस मुश्किल वक्त में अगर किसी एक शख्स ने उन पर भरोसा जताया, तो वो थीं उनकी दादी. परिवार के विरोध के बावजूद दादी ने हमेशा अपनी जमा-पूंजी से रितेश का हौसला बढ़ाया और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. इससे पहले रितेश ‘डांस प्लस 6’ में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके थे, लेकिन ‘इंडियाज बेस्ट डांसर 5’ की ट्रॉफी ने अब उन्हें देश का एक बड़ा डांस स्टार बना दिया है.

प्रतीक उतेकर का जादुई विजन

रितेश के इस ऐतिहासिक सफर को मुकाम तक पहुंचाने में सबसे बड़ा हाथ रहा इंडस्ट्री के दिग्गज डांसर और कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर का. मुंबई के रहने वाले 36 वर्षीय प्रतीक का रिएलिटी शोज में विनिंग ट्रैक रिकॉर्ड रहा है. श्यामक डावर डांस कंपनी से प्रशिक्षित प्रतीक इससे पहले ‘नच बलिए’ और ‘डांस दीवाने जूनियर्स’ (आदित्य पाटिल के साथ) में विनर कोरियोग्राफर रह चुके हैं.

‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के पहले सीजन में मुकुल गेन के साथ छाप छोड़ने वाले प्रतीक ने इस बार सीजन 5 में रितेश पाल के हुनर को इस तरह ढाला कि हर एपिसोड में जजों को उठकर स्टैंडिंग ओवेशन देना पड़ा. चाहे कॉन्सेप्ट-बेस्ड ऐक्ट्स हों या प्रॉप्स के साथ रिस्की मूव्स, प्रतीक की स्ट्रॉन्ग स्टोरीटेलिंग और रितेश के बेजोड़ लचीलेपन ने मिलकर ऐसा समां बांधा कि वोटिंग में जनता ने उन्हें सिर-आंखों पर बिठा लिया.

ये भी पढ़ें-

56 या 75, कितने साल के थे मुश्ताक खान? उम्र का कंफ्यूजन हुआ दूर, बेटे ने खुद बताया सच

कपूर खानदान का वो वारिस जिसने 6 दशक पहले National Award लेने से मना कर दिया था, हैरान कर देगी वजह

सपनों को सच करने का नामुमकिन नहीं

जब फिनाले के मंच पर विनर के तौर पर रितेश पाल और प्रतीक उतेकर के नाम का ऐलान हुआ, तो 19 साल के रितेश की आंखें आंसुओं से भर गईं. सैलून के छोटे से आईने में बड़े-बड़े सपने देखने वाले उस लड़के ने साबित कर दिया कि अगर इरादे फौलादी हों, तो जमीन से उठकर आसमान की ऊंचाइयों को छूना नामुमकिन नहीं है. यह ट्रॉफी सिर्फ रितेश के हाथ में नहीं है, बल्कि यह देश के हर उस छोटे शहर के युवा की उम्मीद है जो तंग गलियों से निकलकर अपने दम पर दुनिया जीतने का ख्वाब देखता है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More