सचिन बनेंगे या विनोद कांबली?… 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को कपिल देव की बड़ी नसीहत
Kapil Dev On Vaibhav Sooryavanshi: 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बड़ी नसीहत दी है. इसके अलावा उन्होंने वैभव के टैलेंट की तारीफ भी की है.
Kapil Dev On Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के 15 साल के सनसनीखेज युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है, लेकिन 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव का मानना है कि इस खिलाड़ी के करियर की असली और सबसे बड़ी परीक्षा अभी बाकी है. वैभव की टैलेंट की तारीफ करते हुए कपिल देव ने यह चिंता जताई है कि 18-19 साल की उम्र की दहलीज पर कदम रखते समय वो शोहरत, पैसे, पार्टियों और बाकी भटकावों को किस तरह संभालेंगे.
वैभव को कपिल देव की बड़ी नसीहत
जुलाई 2026 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव को अभी लंबा सफर तय करना है. कपिल देव का मानना है कि 15 साल की उम्र में वैभव के पास यह फायदा है कि उनका ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ चुनौतियां बदलेंगी. संडे मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में कपिल देव ने कहा, ’15 साल की उम्र में उनके पास सोचने के लिए सिर्फ क्रिकेट है. लेकिन जब वह 18-19 साल का होंगे, तो दूसरी चीजें सामने आएंगी पार्टियां और बाकी भटकाव. क्या वह सचिन तेंदुलकर जैसा बनेंगे या विनोद कांबली जैसे? इस लेवल पर यह कह पाना बहुत मुश्किल है.’
पूर्व भारतीय कप्तान ने जोर देकर कहा कि आजकल हर कोई चौके-छक्कों का रोमांच देखना चाहता है और वैभव में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन शुरुआती सफलता के साथ मिलने वाले पैसों और चकाचौंध से उन्हें बचना होगा और अपना पूरा ध्यान सिर्फ खेल पर केंद्रित रखना होगा.
सचिन और विनोद कांबली का क्यों लिया नाम?
भारतीय क्रिकेट इतिहास में कम उम्र में चमकने वाले किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली का उदाहरण सबसे सटीक बैठता है. स्कूल के दिनों के दोनों जिगरी दोस्तों में काफी टैलेंट था, लेकिन मैदान के बाहर के अनुशासन ने दोनों की दिशा बदल दी. अपनी अनुशासन के दम पर सचिन ने मैदान के बाहर के भटकावों से खुद को दूर रखा और दो दशकों से ज्यादा समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट पर राज किया. दूसरी ओर, धमाकेदार शुरुआत के बावजूद कांबली का इंटरनेशनल करियर काफी छोटा रह गया.




